NEWS

अग्रवाल समाज पूर्व क्षेत्र की कलश यात्रा पहुंचेगी अग्रसेन धाम, जहाँ उड़ते हनुमान और सांवरिया सेठ के दरबार सहित होंगी अनेक प्रस्तुतियां

अग्रवाल समाज पूर्व क्षेत्र की कलश यात्रा पहुंचेगी अग्रसेन धाम, जहाँ उड़ते हनुमान और सांवरिया सेठ के दरबार सहित होंगी अनेक प्रस्तुतियां

महापौर परिषद के सदस्य नन्दकिशोर पहाड़िया ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ किया तैयारियों का अवलोकन

इंदौर। अग्रवाल समाज पूर्व क्षेत्र के तत्वावधान में पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार 10 अक्टूबर को शाम 6 बजे नंदानगर मेन रोड स्थित सांईनाथ मंदिर से निकलने वाली भव्य कलश यात्रा की व्यापक तैयारियां अंतिम दौर में पहुँच गई हैं। मंगलवार को क्षेत्र के पार्षद और एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया ने नगर निगम के सम्बन्धित अधिकारियों और अग्रवाल समाज पूर्व क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल मालवा मील अनाज मंडी परिसर स्थित अग्रसेन धाम का अवलोकन कर अधिकारियों को समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर संगठन के प्रमुख परामर्शदाता पी.डी. अग्रवाल कांट्रेक्टर, संयोजक गणेश गोयल, अजय गोयल, सह संयोजक गोविंद गर्ग भमोरी एवं नरेश मित्तल ने उन्हें बताया कि भव्य कलश यात्रा में पूर्व क्षेत्र की करीब 60 कॉलोनियों के समाज बंधु सपरिवार शामिल होंगे। कलश यात्रा के अग्रसेन धाम पर करीब 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में पांडाल एवं 15 हजार वर्गफीट क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भव्य मंच तथा 5 हजार वर्गफीट क्षेत्र में भोजनशाला का निर्माण किया जाएगा। संगठन से जुड़े राजेंद्र अग्रवाल राधे-राधे, सतीश मंगल एवं सुभाष अग्रवाल ने बताया कि इसके लिए मैदान में अलग-अलग स्थान चिन्हित कर गुरुवार से निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा। कल्याण अग्रवाल एवं विनोद मंगल के अनुसार सम्पूर्ण अग्रसेन धाम को 5150 दीपों से सज्जित कर चारों ओर रोशनी की जाएगी। इसके अलावा मुख्य रूप से कलश यात्रा में आने वाले समाज बंधुओं के लिए प्रख्यात वीनस ग्रुप की ओर से शिवजी की बारात, उड़ते हनुमान, सांवरिया सेठ के दरबार और भगवान जगन्नाथ के मंदिर सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कलश यात्रा के साथ महालक्ष्मीजी की पालकी भी निकाली जाएगी जो परम्परागत रूप से यात्रा मार्ग में बरकती सिक्को का वितरण करते चलेगी। यात्रा मार्ग में विभिन्न समाजों की ओर से स्वागत मंच, तोरण द्वार एवं समाज बंधुओं के स्वागत की तैयारियां भी की जा रही है।

 

 

Shares: