NEWS

अमरनाथ यात्रा के दौरान कांटाफोड़ शिव मंदिर लगाएगा भक्तों के लिए लंगर

 

अमरनाथ यात्रा के दौरान कांटाफोड़ शिव मंदिर लगाएगा भक्तों के लिए लंगर

भक्तों को यात्रा मार्ग पर बालटाल में इंदौर के उसल-पोहा, जलेबी, दाल-बाटी, चूरमा सहित मालवा के व्यंजन मिलेंगे

इंदौर। नौलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर अमरनाथ यात्रा के दौरान बालटाल में भक्तों के लिए लंगर की व्यवस्था करेगा। यह दूसरा मौका है जब इंदौर से जुड़े मंदिर-ट्रस्ट को श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ओर से लंगर लगाने की अनुमति प्राप्त हुई है। अब मंदिर की ओर से बालटाल में दो माह तक लंगर सेवा चलाई जाएगी जहाँ देश दुनिया से आने वाले भक्तों को यात्रा मार्ग पर इंदौर के उसल-पोहा, जलेबी, दाल-बाटी, चूरमा सहित मालवा के व्यंजन भी मिलेंगे।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष समाजसेवी विष्णु बिंदल, टीकमचंद गर्ग और संयोजक बी.के. गोयल ने बताया कि मंदिर समिति बालटाल में अमरनाथ बर्फानी सेवा दल (लुधियाना) के साथ मिलकर लंगर सेवा का संयुक्त संचालन करेगी। पिछले 19 वर्षों से अब तक लंगर में मंदिर से जुड़े भक्त इंदौर से राशन भिजवाते थे। अब अमरनाथ यात्रा के दौरान 3 जुलाई से 28 अगस्त तक 57 दिनों के लिए लंगर सेवा की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इस दौरान अमरनाथ यात्रा पर देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को लंगर में इंदौर के उसल-पोहे, जलेबी, कचौरी, खमण्ड और भोजन में दाल-बाटी, चूरमा सहित मालवा के व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। मंदिर समिति ने लंगर सेवा के लिए व्यवस्थाएं करना शुरू कर दिया है। यात्रा शुरू होते ही वहां पर लंगर सेवा का संचालन किया जाएगा। लंगर संचालन के लिए 21 सदस्यीय और खाना बनाने वाले लोगों की टीम भी इंदौर से इसी माह के आखिरी सप्ताह में रवाना होगी।

100 लोगों का जत्था रवाना होगा – मंदिर समिति से जुड़े भक्तों का 100 सदस्यीय जत्था भी जुलाई के प्रथम सप्ताह में बालटाल के लिए रवाना होगा। ट्रस्ट से जुड़े सुशील प्रजापत, हेमंत गर्ग, विजय काला ने बताया कि सभी भक्तों के रजिस्ट्रेशन और ट्रेन की बुकिंग हो गई है। इंदौर से जो भी यात्री रवाना होंगे, वे वहां लंगर में भी अपनी सेवाएं देंगे। सभी भक्त दर्शन और लंगर में सेवा देकर वापस लौटेंगे।

 

Shares: