NEWS

पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में महिला शक्ति का उत्सव, महिला दिवस संग हुआ रंगों भरा होली मिलन समारोह

इंदौर(विनोद गोयल)।  पोस्टमास्टर जनरल इंदौर परिक्षेत्र कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय और उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती प्रीति अग्रवाल ने की। इस अवसर पर कार्यालय की सभी महिला कर्मचारियों को पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया और उनकी कार्यक्षमता व योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मचारियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए स्वरचित कविताओं और रचनाओं की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसने पूरे माहौल को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया। साथ ही महिला उपलब्धियों से जुड़ी रोचक प्रश्नावली का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

समारोह के अंत में पारंपरिक तिलक लगाकर सभी ने एक-दूसरे को होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। रंगों और खुशियों से सराबोर इस आयोजन ने कार्यालय में आपसी सौहार्द और उत्साह का वातावरण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पंखुड़ी भंसाली ने प्रभावी ढंग से किया, जिससे पूरा आयोजन बेहद व्यवस्थित और आकर्षक बना।

Shares:
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *