Eternal Hinduism

साईं बाबा महोत्सव- जिंसी क्षेत्र में निकली भव्य पालकी यात्रा, महिलाओं ने संभाली पूरी व्यवस्था

इंदौर(विनोद गोयल)। शहर में साईं भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब जिंसी और आसपास के क्षेत्रों ने बाबा की पालकी के स्वागत के लिए अपने पूरे इलाके को दुल्हन की तरह सजा दिया। भक्ति, उत्साह और श्रद्धा से सराबोर इस आयोजन में महिलाओं ने पूरी व्यवस्था की कमान संभालकर कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।

दुल्हन की तरह सजी गलियां, हर घर से बरसी श्रद्धा
श्री केन्द्रीय साईं सेवा समिति के तत्वावधान में चल रहे 32वें साईं बाबा महोत्सव के तहत बुधवार सुबह निकली प्रभात फेरी और बाबा की पालकी यात्रा ने जिंसी, राधा नगर, नीलकंठ कॉलोनी और चौथी पल्टन पुलिस लाइन क्षेत्र को भक्ति के रंग में रंग दिया। पूरे इलाके में “साईं राम” के जयघोष गूंजते रहे और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।

बाबा की पालकी के स्वागत में घर-घर के सामने रंगोली बनाई गई, दीपों की कतारें सजाई गईं और सड़कों-गलियों को इस तरह सजाया गया मानो पूरा क्षेत्र किसी विवाह उत्सव की तरह सुसज्जित हो। भक्तों ने अपने घरों के सामने खड़े होकर पालकी पर पुष्पवर्षा की और श्रद्धा से पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने भी बाबा की पालकी का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मातृशक्ति ने संभाली पूरी व्यवस्था
श्री केन्द्रीय साईं सेवा समिति के अध्यक्ष गौतम पाठक, प्रदीप यादव और समीर जोशी ने बताया कि प्रभात फेरी की शुरुआत साईं भक्त चंद्रशेखर पंवार के निवास पर बाबा की पालकी के पूजन के साथ हुई। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में जैसे-जैसे प्रभात फेरी आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे पूरे क्षेत्र में बाबा के स्वागत का उत्साह बढ़ता चला गया।

भजन गायक प्रदीप परमार, अक्षत शर्मा और ध्रुव सेठी के भजनों पर मातृशक्ति और युवतियों ने नाचते-गाते हुए भक्तिमय माहौल बना दिया। श्रद्धालुओं ने साईं भक्तों और पालकी पर पुष्पवर्षा कर वातावरण को और भी भावपूर्ण बना दिया।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृपाशंकर शुक्ला भी भाव-विभोर होकर बाबा की पालकी के दर्शन और पूजन करने पहुंचे और कुछ समय तक प्रभात फेरी में शामिल रहे।

घर के बाहर रंगोली और दीपों की पंक्तियां
राधा नगर, नीलकंठ कॉलोनी, चौथी पल्टन, मल्हार पल्टन, तंबोली बाखल, रामगंज, जिंसी और अर्जुन पल्टन सहित पूरे क्षेत्र को विशेष सजावट से अलंकृत किया गया था। हर घर के बाहर रंगोली और दीपों की पंक्तियां बाबा के स्वागत में सजी थीं। समापन पर आयोजित महाआरती में आलोक खादीवाला, पिंकी भाटिया, चिराग तिवारी, मोहन पहलवान, ज्ञानेश्वर होलकर, भाऊ शिंदे, संतोष भुसारी, बंटी यादव खलीफा, विशाल सोनी, अंकित यादव पहलवान, भुरु यादव, पिंटू यादव, अमन तिवारी, उमंग कौशल, अमन कसेरा सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

समिति की ओर से अमित पंवार, संजय शर्मा, महेश शाह, लक्की वर्मा, प्रतीक आमेरिया, निक्की चौधरी, उमेश शर्मा, प्रशांत चावड़ा, राधेश्याम माली, तरुण केतके, रवि बरकड़े, गोपाल शर्मा, विनय यादव, जयदीप फणसे, दीपक जोशी, शंकरलाल चौधरी, भगवान वाकोडे, राजेश परमार और विशाल मथोलिया ने भक्तों को 26 मार्च को साईं भक्त विनिता पाठक की स्मृति में बड़े गणपति से छत्रीबाग साईं मंदिर तक निकलने वाली भव्य साईंराम यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

वहीं मातृशक्ति की ओर से लतिका चंद्रातेरे, अनिता तिवारी, प्रिया सिसोदिया, पूर्णिमा गौर, रितु गौर, नीलम श्रीवास्तव, अनु जोशी, रेखा शिंदे, गुंजन तिवारी, भावना यादव, संगीता पंचाल और श्रीमती सत्तन यादव सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने पालकी यात्रा की सभी व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला।

 द्रविड़ नगर में निकलेगी पालकी
समिति के अनुसार गुरुवार 12 मार्च को सुबह 5:30 बजे द्रविड़ नगर में रणजीत हनुमान मंदिर के पीछे साईं भक्त तरुण केतके के निवास से बाबा की पालकी और प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद 13 मार्च को सत्यदेव नगर, 14 मार्च को उषा नगर, 15 मार्च को रामबाग, 16 मार्च को बंगाली चौराहा स्थित प्रीति नगर, 17 मार्च को खजराना गणेश मंदिर के पास गोयल विहार कॉलोनी और 18 मार्च को वीणा नगर के श्याम नगर मेन राधिका सोसायटी से भी इसी तरह प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

भक्ति और उत्साह से भरी यह प्रभात फेरी और पालकी यात्रा का सिलसिला 26 मार्च तक लगातार जारी रहेगा, जिसमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में साईं भक्तों की आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

Shares:
Leave a Reply