श्री अग्रोहा कपल ग्रुप
दूधिया रोशनी और हजारों दीपों के बीच गंगा-नर्मदा के घाटों
पर जीवंत महाआरती से जगमगा उठा अग्रसेन प्रतिमा स्थल
श्री अग्रोहा कपल ग्रुप एवं जय दादी दरबार की मेजबानी में आयोजित महोत्सव ने मोहा हजारों समाज बंधुओं का मन
इंदौर। नवलखा स्थित अग्रसेन प्रतिमा स्थल और चौराहा शुक्रवार रात को दूधिया रोशनी में हजारों मातृशक्ति और समाजबंधुओं की मौजूदगी में जगमगा उठा। नर्मदापुरम से आए पं. अविनाश शास्त्री और उनके 8 साथियों ने परम्परागत वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच काशी के मणिकर्णिका घाट, हरिद्वार की हर की पौड़ी, नर्मदापुरम के सेठानी घाट एवं महेश्वर के अहिल्या घाट पर होने वाली महाआरती के जीवंत दर्शन की प्रस्तुतियों से हजारों समाज बंधुओं का मन मोह लिया।
आयोजन समिति की प्रमुख संयोजक संगीता अरविंद बागड़ी ने बताया कि आस्था और श्रद्धा की हिलौरे भरते जनसमूह के बीच जैसे ही पं. शास्त्री की टीम पहुंची, समूचा चौराहा पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन और कुलदेवी महालक्ष्मी के जयघोष से गूंज उठा। प्रतिमा के आसपास एलईडी और एलसीडी की मदद से गंगा एवं नर्मदा के प्रवाह तथा सुंदर घाटों के दृश्यों ने इस महाआरती को जीवंत बना दिया। अपने-अपने घरों से पूजा की थाली सजाकर लाई 200 से अधिक महिलाओं और परंपरागत मारवाड़ी गुलाबी परिधान में सज-धजकर आई 500 से अधिक महिलाओं ने पितृ पुरुष की भावपूर्ण आरती प्रस्तुत की। इस मौके पर शहर के अनेक प्रमुख समाजसेवी बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और इस मनोहारी दृश्य के साक्षी बने।
वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, विजय गोयल, अशोक ऐरन, विष्णु बिंदल, अविनाश ओएस्टर, टीकमचंद गर्ग, दिनेश मित्तल, निर्मल अग्रवाल, बीआर गोयल, गोविन्द सिंघल, केदार बांकडा, राजेश बंसल, कुलभूषण मित्तल कुक्की, प्रकाश मोमबत्ती एवं प्रवीण मुरारका के आतिथ्य में इस समूचे महोत्सव की बागडोर मातृशक्ति ने ही संभाली। नर्मदाष्टक से प्रारम्भ हुई वन्दना जैसे-जैसे लयबद्ध होती रही, समाज बंधुओं और मातृशक्ति का उत्साह भी बढ़ता गया। इस अवसर पर विभिन्न अग्रवाल संगठनों की ओर से अरविन्द बागड़ी, प्रहलाद दादा, नन्दकिशोर कंदोई, प्रो. विभोर ऐरन, संदीप ऑटो, विनोद अग्रवाल जूनी इंदौर, केके गोयल कांट्रेक्टर सहित अनेक बंधुओं ने अतिथियों की अगवानी की। प्रतिमा स्थल एवं चौराहे की सभी व्यवस्थाओं का प्रभार श्री अग्रवाल सांस्कृतिक मंच नंदानगर के अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, महामंत्री संजय अग्रवाल, अजय मित्तल एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुस्तैदी से संभाला।
मातृशक्ति की ओर से किरण तायल, निर्मला जिंदल, ज्योति अग्रवाल, उषा बंसल, पुष्पा गुप्ता, मीरा गोयल, शीतल तोड़ीवाला, चंचल अग्रवाल, अर्पिता सोनू अग्रवाल, मेघा अग्रवाल पीपल्याहाना, अनामिका अग्रवाल सहित विभिन्न महिला संगठनों ने आरती की थाली सजाने की स्पर्धा में शामिल बहनों का मार्गदर्शन किया। सम्पूर्ण चौराहे की सजावट विद्युत एवं पुष्पों के समन्वय से इतनी मनभावन बन गई थी कि सैकड़ों मोबाइल कैमरों में यहाँ के सुंदर दृश्य पूरे एक घंटे तक कैद होते रहे। अंत में प्रमुख संयोजक श्रीमती संगीता बागड़ी ने आभार माना।

