हंसदास मठ पर फूलों की होली के बीच सैकड़ों भक्तों ने किया भागवत एवं रामायण का पूजन
अधिकमास के अनुष्ठानों में शामिल हुए सांसद लालवानी, विधायक मेंदोला एवं पं. सत्तन सहित अनेक अतिथि

इंदौर, । एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में हंसपीठाधीश्वर श्री महंत रामचरणदास महाराज की प्रेरणा से चल रहे 108 श्रीमद भागवत एवं रामायण पारायण के अनुष्ठान में संकष्टी चतुर्थी के उपलक्ष्य में महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के सानिध्य में फूलों की होली, विष्णु अर्चना, श्रीसूक्त के पाठ सहित विभिन्न शास्त्रोक्त पाठ किए गए। रजत मंडित पंचमुखी हनुमान के फल वाटिका में विराजित होने के मनोहारी दृश्य को सैकड़ों भक्तों ने निहारा। इस अवसर पर हवन के साथ अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति भी सम्पन्न हुई। महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा, राष्ट्रकवि पं. सत्यनारायण सत्तन, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, एमआईसी सदस्य निरंजनसिंह चौहान गुड्डू, कल्पेश विजयवर्गीय, पं. रामचंद्र वैदिक, अक्षय तिवारी, ह्रदयेश दीक्षित सहित शहर के सैकड़ों श्रद्धालु फूलों की होली में भागीदार बने। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर पवनदास महाराज का मालवी साफा पहनाकर सांसद लालवानी ने अभिनन्दन किया। तनय शर्मा का भी स्वागत किया गया। मनोहारी भजनों के बीच फूलों की होली का यह दृश्य भक्तों को पूरे समय आल्हादित करता रहा। आरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए
।


