हंसदास मठ पर गंगा अवतरण की जीवंत झांकी निहारने पहुंचे हजारों श्रद्धालु
इंदौर। एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर श्रावण मास के उपलक्ष्य में सावन के अंतिम सोमवार को हंसेश्वर महादेव का गंगा अवतरण करने वाले जटाधारी शिवजी के रूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया जिनके दर्शनार्थ देर रात तक हजारों श्रद्धालु पहुंचे। मठ पर 108 विद्वानों द्वारा महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज के सानिध्य एवं महामडलेश्वर श्रीमहंत पवनदास महाराज के मार्गदर्शन में ‘ओम नमः भगवतै वासुदेवाय’ तथा ‘महामृत्युंजय महामंत्र’ के जाप्यानुष्ठान का आयोजन जारी है। सोमवार सुबह एवं शाम को भगवान पद्मनाभ का विष्णु सहस्त्रनाम, श्रीसूक्त एवं पुरुष सूक्त से अभिषेक किया गया। पं. पवनदास महाराज ने बताया कि अन्य विद्वान भी जाप्यानुष्ठान में शामिल हुए। सोमवार शाम हंसेश्वर महादेव का फूलों एवं पत्तियों से जटाधारी शिव के रूप में गंगा अवतरण करते हुए श्रृंगार किया गया। गंगा मैया के नीचे भागीरथी को भी दर्शाया गया। देर रात तक यह जीवंत झांकी देखने के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही।


