हंसदास मठ पर सोमवती अमावस्या के संयोग में हुई पुरुषोत्तम मास के अनुष्ठानों की पूर्णाहुति
इंदौर,। एयरपोर्ट रोड, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में गत 16 मई से चल रहे 108 भागवत के मूल पारायण सहित विभिन्न दिव्य अनुष्ठानों की पूर्णाहुति सोमवार को सोमवती अमावस्या के संयोग पर हंसपीठाधीश्वर श्रीमहंत रामचरणदास महाराज के सानिध्य में सौल्लास सम्पन्न हुई। इस अवसर पर अनुष्ठान में शामिल आचार्य पं. राजेश शास्त्री सहित सभी विद्वानों का सम्मान कर भागवतजी का पूजन भी किया गया। संध्या को हुई महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर परिवार, समाज एवं राष्ट्र में सुख, शांति और सदभाव के लिए प्रार्थना की।
मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज ने बताया कि पुरुषोत्तम माह के उपलक्ष्य में चल रहे विभिन्न अनुष्ठानों में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ शामिल होकर अनेक कार्यक्रमों में पुण्य लाभ उठाया। सैकड़ों भक्तों ने सोमवार को सुबह मठ पहुंचकर स्वामी श्रीमहंत रामचरण दास महाराज का सम्मान कर भागवत पारायण कर रहे सभी आचार्यों एवं भागवतजी का भी पूजन किया। मठ स्थित सभी देवालयों का आज विशेष पुष्प एवं विद्युत श्रृंगार किया गया था। मठ के संत यजत्रदास के अनुसार पुरुषोत्तम मास के दौरान मठ स्थित रजत मंडित पंचमुखी हनुमान, रणछोड़जी, टीकमजी, हंसेश्वर महादेव सहित सभी देवी-देवताओं का सोमवार को भी नयनाभिराम श्रृंगार किया गया जिनके दर्शनार्थ सुबह से देर शाम तक भक्तों का मेला जुटा रहा। भगवान रणछोड़जी के विशेष श्रृंगार के दर्शनार्थ बड़ी संख्या में भक्तों ने आकर विभिन्न देवालयों में पूजा अर्चना की।


