मध्यप्रदेश वैश्य महासम्मेलन
वैश्य समाज के 25 घटकों के 4 हजार से अधिक युवक-युवती प्रत्याशी
आज से दस्तूर गार्डन के सुसज्जित मंच पर तलाशेंगे श्रेष्ठ जीवनसाथी
मप्र वैश्य महासम्मेलन की मेजबानी में भव्य पांडाल, मेगा स्क्रीन एवं सभी समाजों के लिए अलग-अलग कक्षों की स्थापना
इंदौर। मप्र वैश्य महासम्मेलन द्वारा शनिवार से रिंग रोड स्कीम 71 स्थित दस्तूर गार्डन पर सुबह 10 बजे से वैश्य समाज के 25 प्रमुख घटकों के 4000 से अधिक विवाह योग्य युवक-युवती प्रत्याशियों के लिए अ.भा. परिचय सम्मेलन का शुभारंभ मप्र वैश्य महासम्मेलन के प्रदेशाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल एवं पूर्व गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में होगा। वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल, प्रेमचंद गोयल, उद्योगपति विमल तोदी, राजेश चेलावत तथा परिचय सम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष दिनेश मित्तल के मार्गदर्शन में सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। दस्तूर गार्डन पर भव्य पांडाल, मंच, मेगा स्क्रीन, भोजनशाला एवं विभिन्न समितियों के कक्ष स्थापित किए जा चुके हैं। सम्मेलन स्थल को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सम्मेलन में आने वाले 1500 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो पहली बार किसी परिचय सम्मेलन में शामिल होंगे।
संगठन के अरविन्द बागड़ी, धीरज खंडेलवाल, अशोक खंडेलवाल, राजेश गर्ग, शिव जिन्दल एवं निपुण गर्ग ने बताया कि इस बार परिचय सम्मेलन में 2000 से अधिक युवती प्रत्याशियों की प्रविष्ठियां भी प्राप्त हुई हैं जिनमें अधिकांश उच्च शिक्षित हैं। 4200 सचित्र प्रविष्ठियों वाली बहुरंगी परिचय पुस्तिका का लोकार्पण पहले ही हो चुका है जो सम्मेलन के पूर्व ही सम्बन्धित प्रत्याशियों को उपलब्ध करा दी जाएगी ताकि वे अपने लिए योग्य जीवनसाथी का चयन कर सम्मेलन स्थल पर ही उनसे सम्पर्क कर सकें। जो प्रत्याशी अब तक प्रविष्ठियां नहीं दे पाए हैं वे यहाँ निशुल्क स्पॉट पंजीयन करा सकेंगे। प्रत्याशियों की संख्या को देखते हुए परिचय सम्मेलन का सिलसिला सुबह जल्दी शुरू कर दिया जाएगा। शाम 4 से 7 बजे तक एक विशेष सत्र आयोजित होगा जिसकी कमान पूरी तरह महिलाओं के हाथों में रहेगी। शुक्रवार को आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों और वैश्य समाजों के प्रतिनिधियों ने पांडाल निर्माण के पश्चात गणेशजी एवं महालक्ष्मीजी का पूजन किया। सम्मेलन स्थल पर सभी समाजों के अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं जहाँ इन समाजों के वरिष्ठजन मिलन सम्पर्क में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर आयोजित बैठक में सभी समितियों के संयोजकों ने आश्वस्त किया कि परिचय सम्मेलन की सभी तैयारियां वैश्य समाज और इंदौर की गरिमा के अनुरूप रहेगी। बैठक में शक्तिनाथ गुप्ता, नितिन माहेश्वरी, नीलेश अग्रवाल, राखी विजयवर्गीय, हर्ष मेहता, शिव जिंदल, राजेश गर्ग, मनीष मित्तल, दिलीप गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
सम्मेलन में अग्रवाल, श्वेताम्बर एवं दिगम्बर जैन, माहेश्वरी, चित्तोड़ा महाजन, खंडेलवाल, विजयवर्गीय, मेडतवाल, मोढ, नीमा, गहोई वैश्य, पोरवाल, गंगराडे सहित सभी प्रमुख वैश्य घटकों के प्रत्याशियों ने प्रविष्ठियां भेजी हैं। प्रत्येक समाज के वरिष्ठजनों को शामिल करते हुए सम्पर्क मिलन समितियों का गठन भी किया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा रिश्ते हो सकें। 28 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्याशियों के लिए हो रहे इस परिचय सम्मेलन में मिली लगभग सभी प्रविष्ठियां आईटी सेक्टर, डॉक्टर्स, इंजीनियर्स, सीए, सीएस, एमबीए एवं स्वयं के कारोबार में स्थापित प्रत्याशियों की है। लगभग सभी प्रमुख घटकों के राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक स्तर के पदाधिकारियों को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन का समापन 27 सितम्बर को होगा, जिसमें मप्र वैश्य कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, संगठन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता सहित अनेक जानी-मानी हस्तियाँ अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

