लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा का इंदौर में आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इंदौर में इस यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रतिमा से शुरू होकर मधुमिलन चौराहा, आरएनटी मार्ग होते हुए छावनी चौराहा तक निकाली गई। यह यूनिटी मार्च नागपुर से शुरू हुआ है और इसका समापन गुजरात में होगा। इंदौर के बाद यह यात्रा धार और झाबुआ जिलों से होते हुए गुजरात के गोधरा में प्रवेश करेगी। इस यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 350 धावक हिस्सा ले रहे हैं। ये धावक नागपुर से गुजरात तक दौड़कर एकता का संदेश देंगे।
कलाकारों ने दी लोकनृत्य की प्रस्तुतियां
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा के दौरान एक विशाल वाहन में सवार रहे। यात्रा में सबसे आगे स्कूल कॉलेज के छात्र-छात्राएं और जनजाति समाज के महिला एवं पुरुष कलाकार लोक नृत्य करते हुए शामिल हुए। यात्रा में देशभक्ति की धून बजाते हुए बैंड भी शामिल थे। रास्ते भर विभिन्न मंचों के द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सभी का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। जगह-जगह मंच लगाकर नागरिकों द्वारा फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर एकता यात्रा का स्वागत किया। यात्रा मार्ग भारत माता की जय और सरदार वल्लभ भाई पटेल अमर रहे के उद्घोष से गुंज उठी।
नर्मदा के प्रवाह की तरह कई शहरों तक पहुंची
नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए छावनी चौराहा पहुँची, जहां नागरिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को भगवान कृष्ण की प्रतिमा और तलवार भेंटकर उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से नागपुर से नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा की शुरुआत हुई है, जो नागपुर से बैतूल होते हुई इंदौर पहुंची। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने रियासतों को मिलाकर जो कार्य किया वह अद्वितीय है। इसके लिए हमें विराट व्यक्तित्व के धनी सरदार वल्लभ भाई पटेल से प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

इन्होने दिखाई यूनिटी
नर्मदा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, सुश्री कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा, महेन्द्र हार्डिया, मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, जीतू जिराती, श्रवण चावड़ा, सुमित मिश्रा, यात्रा प्रभार कपिल परमार आदि विशेष रूप से शामिल हुए।


