रवि-पुष्य के महासंयोग में 111 जोड़े करेंगे श्री गणेश-महालक्ष्मी सहस्त्रार्चन
1 नवंबर को शहर में पहली बार खजराना गणेश मंदिर परिसर में होगा आयोजन, सभी जोड़ों को नि:शुल्क मिलेगा श्रीयंत्र और पूजन सामग्री
इंदौर। दीपावली से पहले आ रहे रवि-पुष्य के विशेष संयोग में इंदौर में श्री गणेश और श्री महालक्ष्मी सहस्त्रार्चन का आयोजन किया जाएगा। 1 नवंबर को खजराना गणेश मंदिर परिसर स्थित श्री दौलतराम छावछरिया प्रवचन हॉल में होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में 111 जोड़े शामिल होकर विधि-विधान से पूजन अर्चन एवं यंत्र साधना करेंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। कार्यक्रम पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। इसमें शामिल होने वाले सभी जोड़ों को श्रीयंत्र और पूजन सामग्री भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित योगेंद्र महंत, आयोजन समिति के प्रमुख संयोजक राजेश बंसल और संदीप गोयल ऑटो ने बताया कि अनुष्ठान मध्यप्रदेश ज्योतिष एवं विद्वत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक के आचार्यत्व में संपन्न होगा। इसमें इंदौर और उज्जैन के 11 विद्वान शामिल होकर धार्मिक विधि-विधान संपन्न कराएंगे। आयोजन के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क महाप्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी। संतो के सान्निध्य में यह आयोजन होगा।
निःशुल्क आयोजन, सभी 111 जोड़े होंगे शामिल
– आयोजन की तैयारियों को लेकर समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने पर चर्चा हुई। संदीप गोयल ने बताया बैठक में विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित योगेंद्र महंत, सूठीबाई दौलतराम छावछरिया ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी बालकिशन छावछरिया, समाजसेवी विष्णु बिंदल, राजेश गर्ग केटी, राजेश गर्ग, जगदीश बाबाश्री, शिव जिंदल, वर्षा बंसल और मनोज अग्रवाल अगरबत्ती, सुरेश गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा एवं शहर के संत,महात्मा एवं विद्वज्जन बतौर अतिथि शामिल होंगे। दीपावली से पहले विशेष धार्मिक संयोग में होने वाले इस सामूहिक अनुष्ठान में श्रद्धालु श्री गणेश और महालक्ष्मी का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
