Uncategorized

संस्था सेवा सुरभि द्वारा विभिन्न कॉलोनियों में पहुंचकर नागरिकों से जल पुनर्भरण सहित पानी बचाने के मुद्दों पर परिचर्चा

संस्था सेवा सुरभि द्वारा विभिन्न कॉलोनियों में पहुंचकर नागरिकों से जल पुनर्भरण सहित पानी बचाने के मुद्दों पर परिचर्चा

ई-रिक्शा पर तैयार जल पुनर्भरण रथ में पानी बचाने के तरीकों सहित वर्षाकाल में पानी सहेजने की जानकारी देने का प्रयास

इंदौर। संस्था सेवा सुरभि द्वारा गत 31 मई से चलाए जा रहे वर्षाजल पुनर्भरण अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल चेतना रथ सहित जागरूकता कार्यक्रम के तहत रविवार को इन्द्रपुरी कॉलोनी में आम नागरिकों के साथ पानी की बचत और वर्षाकाल में जल पुनर्भरण पर परिचर्चा का आयोजन किया गया जिसमें प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविन्द तिवारी, संस्था के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा और केट के सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक निकेतन सेठी ने नागरिकों को जल पुनर्भरण की तकनीक एवं अन्य अभियानों की जानकारी दी।

संस्था सेवा सुरभि द्वारा पिछले 25 वर्षों से लगातार (कोरोना काल छोड़कर) शहर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, जल पुनर्भरण और पानी की बचत के लिए नागरिकों को जागरूक बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की श्रृंखला में इस वर्ष भी खातीवाला टैंक स्थित रिझवानी उद्यान सहित भंवरकुआं क्षेत्र की कॉलोनियों में एक ई-रिक्शा पर जल पुनर्भरण रथ का संचालन किया जा रहा है। संस्था ने ई-रिक्शा के साथ ही 15 हजार ऐसे पर्चे भी छपवाए हैं जो पानी बचाने और वर्षाकाल के पानी को सहेजने के सन्देश दे रहे हैं। सभी कॉलोनियों में इन पर्चों का वितरण घर-घर जाकर समझाइश के साथ किया जा रहा है।

संस्था संयोजक ओमप्रकाश नरेडा ने बताया कि रविवार को इन्द्रपुरी कॉलोनी में आयोजित परिचर्चा में पियूष दुबे, दीपक पिंगले, कैलाश पेशवानी, मनीष भालेराव, सारंग देसी, शैलेन्द्र मंडलोई, जगदीश दरयावी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनी के नागरिकों ने अपनी समस्याएँ भी बताई और वर्षाकाल में जल पुनर्भरण का संकल्प लिया। नागरिकों का सुझाव था कि प्रत्येक कॉलोनी में जल पुनर्भरण हेतु एक समिति का गठन किया जाए, यह चिन्हित किया जाए कि कॉलोनी में कितने घरों में रिचार्जिंग सिस्टम लगाए गए हैं और जहाँ नहीं हैं वहां लगाने के लिए उन्हें प्रेरित किया जाए, नालियों को साफ़ कराया जाए, सड़क पर पानी जमा होने वाले स्थानों पर रिचार्ज पिट खुदवाकर फ़िल्टर मीडिया बनाए जाएं तथा जितने भी सरकारी बगीचे हैं वहां पानी रिचार्ज करने हेतु उपयुक्त तकनीक अपनाई जाए। नागरिकों ने इंद्रपुरी में मैन रोड के दोनों ओर पौधे रोपकर हरियाली विकसित करने का भी संकल्प लिया। अंत में अरविन्द तिवारी ने नागरिकों को उनकी जागरूकता के लिए धन्यवाद देते हुए अपने संकल्पों पर खरा उतरने का आह्वान किया।

जल पुनर्भरण रथ खातीवाला टैंक स्थित रिझवानी गार्डन पहुंचा जहाँ अजीत सिंह नारंग सहित क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने सभी कॉलोनीवासियों को पानी बचाने, जल पुनर्भरण और वाटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। नरेडा ने बताया कि संस्था द्वारा संचालित यह अभियान अभी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने भी गत 31 मई को इस जल पुनर्भरण रथ का अवलोकन कर इसकी सराहना की है।

 

 

Shares: