इंदौर(विनोद गोयल)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वुमंस प्रेस क्लब मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित “शक्ति अवार्ड 2026” समारोह इस बार खास रहा, जब पीआर इंडस्ट्री में अपने शानदार योगदान के लिए वर्षा कलोसिया को सम्मानित किया गया। बुधवार, 18 मार्च को जाल सभागृह, इंदौर में आयोजित इस भव्य समारोह में महिलाओं की उपलब्धियों का जोरदार उत्सव देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, इंदौर खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की सचिव राखी सहाय मौजूद रहीं। दोनों अतिथियों ने अपने प्रेरक संबोधन में महिलाओं की सफलता को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए उनके सशक्तिकरण पर जोर दिया।
प्रतिष्ठित सम्मानों से हैं नवाजी जा चुकी
नेक्स्ट पीआर एजेंसी की संस्थापक एवं निदेशक वर्षा कलोसिया ने पिछले कई वर्षों में पैन-इंडिया स्तर पर प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके प्रभावी पीआर कार्यों ने अनेक क्लाइंट्स को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब वर्षा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सराहा गया हो—इससे पहले भी वे World Record of Excellence और Shiroj Shakti Samman जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजी जा चुकी हैं।
इस उपलब्धि पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए वर्षा कलोसिया ने इसे अपनी टीम और क्लाइंट्स के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगा।
समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। “शक्ति अवार्ड” का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और उनकी सफलता से नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।


