*10 वर्षों बाद इंदौर आगमन पर धर्ममय हुआ शहर,* आज नीलकंठ कॉलोनी में होगा भव्य मंगल प्रवेश
इंदौर। *प्रदीप जैन* सकल जैन समाज के लिए इन दिनों अत्यंत हर्ष और गौरव का वातावरण बना हुआ है। आचार्य देवेश श्रीमद्विजय हितेशचंद्र सूरीश्वरजी म.सा. का 10 वर्षों पश्चात एवं आचार्य पद प्राप्ति के बाद प्रथम बार इंदौर आगमन होने से समाजजनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। रविवार को जयंत धाम से पूज्य आचार्यश्री आदि ठाणा का भव्य नगर प्रवेश हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन दर्शन-वंदन एवं मंगल अगवानी हेतु उपस्थित रहे।
अब इसी श्रृंखला में कल सोमवार, 27 अप्रैल को नीलकंठ कॉलोनी क्षेत्र में भव्य मंगल प्रवेश का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 8 बजे शंकरगंज जिंसी चौराहा (संघवीजी की दुकान) से सामैया प्रारंभ होगा, जो श्रद्धा और भक्ति के साथ श्री राज राजेंद्र लेखेंद्र आराधना भवन पहुंचेगा।
इस मंगल प्रवेश में आचार्य देवेश श्रीमद्विजय हितेशचंद्र सूरीश्वरजी म.सा. के साथ मुनिराज श्री दिव्यचंद्रविजयजी म.सा., मुनिराज श्री पुष्पेंद्रविजयजी म.सा., मुनिराज श्री रूपेन्द्रविजयजी म.सा. एवं मुनिराज श्री वैराग्ययशविजयजी म.सा. का भी मंगल आगमन होगा।
प्रातः 9 बजे आचार्यश्री के पावन प्रवचन होंगे, जिसके पश्चात नवकारसी का आयोजन रखा गया है। समाजजनों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।
इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है तथा जैन समाजजनों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।


