NEWS

2100 दीपों की रोशनी में नहाया नरीमन नागेश्वर मंदिर, भक्ति के रंग में झूमे हजारों श्रद्धालु

2100 दीपों की रोशनी में नहाया नरीमन नागेश्वर मंदिर, भक्ति के रंग में झूमे हजारों श्रद्धालु

पर्युषण महापर्व के दूसरे दिन विराट महापूजा एवं प्रभु भक्ति का भव्य आयोजन; फूलों से सजी मनमोहक आंगी और दीपों की अनुपम छटा बनी आकर्षण का केंद्र

इंदौर (प्रदीप जैन )। पर्युषण महापर्व के दूसरे दिन बुधवार को नरीमन सिटी स्थित श्री नरीमन नवकार जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्रीसंघ ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित विराट महापूजा एवं प्रभु भक्ति का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा। भगवान श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ प्रभु की मनमोहक आंगी, फूलों से की गई दिव्य सजावट और 2100 दीपों की मंगलमय दीप सज्जा ने पूरे मंदिर परिसर को अलौकिक स्वरूप प्रदान कर दिया। शाम से शुरू हुआ दर्शनार्थियों का सिलसिला रात 12 बजे तक लगातार चलता रहा। दूर-दूर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत धार्मिक दृश्य को निहारा और प्रभु आराधना का लाभ लिया।

बिना लाइट के सिर्फ दीपों की रोशनी में दिखी निराली आंगी

आयोजन का सबसे अद्भुत और आकर्षक दृश्य मंदिर के गंभारे में देखने को मिला। गंभारे में विद्युत रोशनी का उपयोग किए बिना केवल दीपकों की रोशनी में भगवान श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ की मनमोहक एवं निराली आंगी सजाई गई थी। 2100 दीपों की टिमटिमाती रोशनी के बीच प्रभु की आंगी का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। दीपों की रोशनी में मंदिर का यह दृश्य इतना मनोहारी था कि दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु कुछ पल ठहरकर इस अनुपम छटा को निहारते रहे। दूर-दूर से आए हजारों भक्तों ने इस अद्भुत दृश्य को अपनी आंखों में बसाया।

फूलों से सजा मंदिर, प्रभु की आंगी ने मोहा मन

भगवान श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ की आकर्षक अंगरचना विशेष रूप से तैयार की गई थी। पुष्पों से प्रभु की दिव्य महापूजा एवं मंदिर परिसर को सजाया गया। फूलों और दीपों से सजे मंदिर का वातावरण पर्युषण पर्व की आध्यात्मिक भावना को साकार करता नजर आया। चारों ओर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण रहा तथा श्रद्धालु प्रभु के दर्शन कर भाव-विभोर होते रहे।

*भजनों ने बांधा समां, भक्ति की गंगा में झूमे श्रद्धालु

कार्यक्रम में लाभार्थी परिवार द्वारा संगीतमय आरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय स्वरों से गूंज उठा। प्रसिद्ध भजन एवं संगीत प्रस्तोता डॉ. विपिन वागरेचा तथा आयुष बोहरा की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भक्ति की गंगा में झूम उठे। भजनों की मधुर धुनों और प्रभु भक्ति के भावों के बीच अनेक श्रद्धालु भाव-विभोर होकर थिरकते नजर आए।

आयोजन के लाभार्थी* राजेन्द्र-विभा, भरत-तृप्ति, अमित-गुंजन, शुभ, शौर्य, सना एवं अमायरा पारेख (मेट्रो) परिवार तथा संगम ग्रुप रहे। लाभार्थी परिवार ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ संगीतमय आरती में सहभागिता की।

नवकार परिवार ने हाथ जोड़कर किया अभिवादन, महिला मंडल ने लगाया तिलक

कार्यक्रम में नरीमन नवकार परिवार शाखा के सदस्यों ने मंदिर पहुंचने वाले प्रत्येक दर्शनार्थी का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। वहीं नरीमन नागेश्वर महिला मंडल की सदस्यों ने मंदिर के मुख्य द्वार पर सभी भक्तों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। स्वागत की इस सुंदर परंपरा ने पूरे आयोजन में अपनत्व और धार्मिक गरिमा का भाव और अधिक बढ़ा दिया।

प्रवीण गुरूजी के मार्गदर्शन में साकार हुई भव्य सज्जा

ट्रस्ट के विजय जैन गोटावाला ने बताया कि नवकार परिवार इंदौर के प्रवीण गुरूजी के मार्गदर्शन में नवकार इवेंट से ऋतिक डोसी ने आयोजन की दिव्य सज्जा एवं महापूजा की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी टीम द्वारा की गई आकर्षक सजावट, फूलों की साज-सज्जा और 2100 दीपों की विशेष व्यवस्था ने मंदिर को अनुपम स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने कहा कि विराट महापूजा एवं प्रभु भक्ति के माध्यम से पर्युषण पर्व की आध्यात्मिक भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में समाजसेवी प्रकाश जी भटेवरा, जिनेश्वर जी जैन, रुचिल दोषी,के साथ कालानी नगर का महावीर मंडल भी विशेष रूप से उपस्थित रहा।

आत्मचिंतन और प्रभु आराधना से जोड़ना आयोजन का उद्देश्य

ट्रस्ट के अध्यक्ष निलेश जैन ने कहा कि पर्युषण महापर्व आत्मशुद्धि, संयम, आराधना और आत्मचिंतन का पर्व है। भगवान श्री नागेश्वर पार्श्वनाथ की आराधना के माध्यम से समाजजनों को धर्म और भक्ति से जोड़ना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक संस्कारों और सामूहिक आराधना की भावना को मजबूत करते हैं।

सामूहिक प्रयासों से यादगार बना आयोजन

इस भव्य आयोजन में श्री नरीमन नवकार जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्रीसंघ ट्रस्ट, नरीमन नागेश्वर भक्त मंडल, नवकार नरीमन शाखा एवं नरीमन नागेश्वर महिला मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

आयोजन में आर.सी. जैन, मनीष शाह, नाना सेठ, बाबूलाल भंडारी, शरद जैन, सौरभ कटारिया, अजय चौधरी, अजय अम्बोर, शान्तिलाल जैन, प्रदीप आँचलिया, प्रकाशचंद जैन, दिलीप जैन, प्रदीप जैन, पिंकेश जैन, संदीप जैन, रितेश जैन, यशवर्धन शाह, ऋषभ शाह, प्रसन्न सकलेचा,विकास जैन, विवेक जैन, प्रिंस सकलेचा अल्केश गाँधी, अनिल कुमार जैन, अजीत जैन, अमित मेहता, अंकुशसिंह सिसोदिया, स्वप्निल नानावटी, सिद्धांत जैन, स्वप्निल जैन, हितेश काकरिया, शीतल जैन अंकित सिसोदिया एवं काव्यश नानावटी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

सभी के सामूहिक प्रयासों से आयोजित यह धार्मिक आयोजन देर रात तक श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा। 2100 दीपों की अनुपम रोशनी, फूलों से सजी प्रभु की निराली आंगी, संगीतमय आरती और भजनों पर झूमते हजारों श्रद्धालुओं का दृश्य पर्युषण महापर्व के दूसरे दिन को अविस्मरणीय बना गया।

Shares: