NEWS

सोलह श्रृंगार में सजी-धजी अग्रवाल वैश्य  महिलाओं ने निकाली दादी की प्रभातफेरी

सोलह श्रृंगार में सजी-धजी अग्रवाल वैश्य  महिलाओं ने निकाली दादी की प्रभातफेरी

स्नेह नगर उद्यान से 45 महिला संगठनों की भागीदारी में निकली पालकी का घर-घर हुआ पूजन

इंदौर। भादवी अमावस्या के पावन पर्व पर गुरुवार सुबह श्री अग्रोहा कपल ग्रुप एवं जय दादी दरबार संगठन की मेजबानी में स्नेह नगर स्थित वृंदावन वाटिका से अग्रवाल नगर स्थित राणी सती दादी के मंदिर तक भव्य प्रभातफेरी के आयोजन में सैकड़ों महिलाएं मारवाड़ी सोलह श्रृंगार में सज-धजकर राजस्थानी चुनरी पहनकर मंगल गीत गाते हुए दादी की सुसज्जित पालकी को लेकर चलीं। सैकड़ों महिलाओं ने दादी के जयघोष से समूचे क्षेत्र में गुंजायमान बनाए रखा।

प्रभातफेरी स्नेह नगर गार्डन से प्रारंभ होकर विभिन्न कालोनियों में भ्रमण के बाद अग्रवाल नगर स्थित राणी सती मंदिर पर पूजा-अर्चना के साथ सम्पूर्ण हुई, जहां आरती, पूजन एवं दादी को सोलह श्रृंगार की सामग्री समर्पित की गई। अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल, समाजसेवी विष्णु बिंदल, विधायक गोलू शुक्ला, समाजसेवी बीआर गोयल, महेश मित्तल, गोविन्द सिंघल एवं राजेश बंसल के आतिथ्य में ग्रुप की ओर से प्रमुख संयोजक श्रीमती संगीता-अरविंद बागड़ी, सुनीता नंदकिशोर कंदोई, ज्योति-विनोद अग्रवाल, निर्मला जिंदल, किरण-गयाप्रसाद तायल, पुष्पा गुप्ता, कविता-दिलीप गर्ग, स्वाति-अमिताभ सिंघल सहित प्रभातफेरी में शहर के 45 प्रमुख महिला संगठनों की भागीदारी रहीं। यात्रा में प्रहलाद दादा अग्रवाल, रमेश गुप्ता पीठेवाले, राधेश्याम चूरीवाला, विकास बंसल एवं अंकुर अग्रवाल सहित समाज बंधुओं ने विभिन्न व्यवस्थाएं संभाली। वृंदावन गार्डन पर अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाएं सोलह श्रृंगार एवं राजस्थानी-मारवाड़ी चुनरी के परिधान में सज-धजकर आईं तो मानो समूचा मारवाड़ उतर आया। दादी की पालकी का फूलों से मनोहारी श्रृंगार भी देखते ही बन रहा था। सैकड़ों मोबाइल कैमरों में दादी की पालकी का मनोहारी श्रृंगार कैद किया गया।

शहनाई एवं वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच पालकी को वृंदावन गार्डन से निर्धारित मार्गों से होते हुए अग्रवाल नगर स्थित दादी के मंदिर तक ले जाया गया। इस दौरान लगभग सभी कालोनियों में घर-घर दादी की पालकी का पूजन और प्रभात फेरी में शामिल महिलाओं का स्वागत किया गया। अग्रवाल नगर स्थित दादी के मंदिर पर समाज बंधुओं ने पालकी की अगवानी की। यहां महिलाओं ने पालकी की पूजा, आरती के बाद दादी को सुहाग की सामग्री भी भेंट की। अंत में संयोजक संगीता बागड़ी ने आभार माना।

 

 

Shares: