NEWS

दूसरे परिचय सम्मेलन की तैयारियों पर विचार मंथन हेतु 8, आगस्त  को होगी महत्वपूर्ण बैठक

वैश्य घटकों के 30 वर्ष से अधिक उम्र वाले उच्च शिक्षित प्रत्याशियों के दूसरे परिचय सम्मेलन की तैयारियों पर विचार मंथन हेतु 8, आगस्त  को होगी महत्वपूर्ण बैठक

 

इंदौर में 27 सितम्बर को रवीन्द्र नाट्यगृह में आएंगे 2 हजार से अधिक प्रत्याशी, सभी प्रमुख घटकों के पदाधिकारी होंगे शामिल

 

इंदौर । मप्र वैश्य महासम्मेलन द्वारा 25 से अधिक वैश्य समाजों के 30 वर्ष से अधिक आयु और उच्च शिक्षित विवाह योग्य प्रत्याशियों के लिए रविवार 27 सितम्बर को रवीन्द्र नाट्य गृह में हो रहे परिचय सम्मेलन की तैयारियों पर विचार मंथन के लिए समाजसेवी एवं वैश्य परिचय सम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष दिनेश मित्तल की अध्यक्षता में शनिवार 8 अगस्त को शाम 7 बजे मल्हारगंज थाने के पास स्थित फतेहपुरिया समाज भवन पर आवश्यक बैठक रखी गई है जिसमें शहर के सभी प्रमुख वैश्य घटकों के पदाधिकारी शामिल होंगे।

मप्र वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महामंत्री अरविन्द बागड़ी, नगर अध्यक्ष अशोक खंडेलवाल, सम्मेलन संयोजक राजेश गर्ग एवं शिव जिन्दल ने बताया कि मप्र वैश्य कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल (एमराल्ड समूह), प्रेमचंद गोयल, विमल तोडी (मोयरा समूह), रमेश मित्तल (मेडीकैप्स), टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल एवं परामर्शदाता राजेश चेलावत, धीरज खंडेलवाल सहित शहर के सभी प्रमुख वैश्य घटकों के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में होने वाली इस बैठक में शहर के अग्रवाल, माहेश्वरी, नीमा, श्वेताम्बर-दिगम्बर जैन, नागर चित्तौड़ा, खंडेलवाल, पोरवाल, गहोई वैश्य, मेढ़तवाल, मोढ, विजयवर्गीय सहित शहर के करीब 25 वैश्य घटकों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल होकर अपने विचार एवं सुझाव रखेंगे। इस अवसर पर परिचय सम्मेलन के व्यवस्थित संचालन हेतु विभिन्न व्यवस्था समितियों का गठन भी किया जाएगा।

रवीन्द्र नाट्यगृह में 27 सितम्बर को सुबह 10 बजे से प्रारम्भ होने वाले इस परिचय सम्मेलन के लिए प्रविष्ठी पत्र देश के सभी प्रमुख शहरों एवं अन्य वैश्य घटकों के कार्यालयों पर उपलब्ध हो सकेंगे। इस सम्मेलन में 30 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्याशियों को भी अवसर मिल सकेगा। साथ ही जिन लोगों के वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी से तलाक अथवा मृत्यु के कारण एकांकीपन पर आ गया है, उनके लिए भी ख़ुशी और आनंद लाने का यहाँ सार्थक प्रयास किया जाएगा। सम्मेलन में विधवा, विधुर, तलाकशुदा एवं परित्यक्त श्रेणी के प्र्यशियों की भी प्रविष्ठियां स्वीकार की जाएगी।

सम्मेलन की प्रारम्भिक सूचना एवं विस्तृत विवरण देशभर के अग्रवाल संगठनों को भेजे जा चुके हैं और उम्मीद है कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी 2 हजार से अधिक प्रविष्टियाँ प्राप्त होंगी। इसके पूर्व गत वर्ष संगठन द्वारा 1 जून को रवीन्द्र नाट्य गृह में यह परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया था जिसमें करीब 2 हजार प्रत्याशियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई थी और 50 से अधिक रिश्ते तय हुए थे। इस बार भी इतने ही प्रत्याशी आएंगे।

 

Shares: