इंदौर(कृष्णा पुरोहित) महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी को सियागंज स्थित प्रसिद्ध महाकाल सेठ की दुकान पर भक्ति और श्रद्धा के साथ आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया जाएगा। साथ ही 1108 रुद्राक्षों का भी निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इस वर्ष विशेष रूप से भांग प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।
दुकान संचालक दिनेश पंवार एवं बाबू सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि महाकाल सेठ की दुकान पर हर वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन दुकान पर भगवान बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार किया जाता है और दिनभर भक्तों की भारी भीड़ दर्शन एवं प्रसादी ग्रहण करने के लिए उमड़ती है।
उन्होंने बताया कि बाबा महाकाल की कृपा से यहां वर्षों से चाय-पोहे की दुकान का संचालन किया जा रहा है। यह दुकान वर्ष 1972 से निरंतर संचालित है और सियागंज क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखती है। महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाला यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा भावना को भी दर्शाता है।
महाशिवरात्रि के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए आयोजन समिति द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।


