इंदौर(विनोद गोयल)। एक दशक के दीर्घ अंतराल के पश्चात सेंट अर्नाल्ड्स स्कूल में ग्रैंड एलुमनाई मीटअप 2026 का भव्य आयोजन हुआ। इस गरिमामय समारोह में वर्ष 2004 से लेकर 2026 तक के विभिन्न सत्रों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था पूर्व प्राचार्य फादर कैजेटन डी मेलो थे।
अपने पढ़ाए हुए छात्रों को वर्षों बाद एक मंच पर एकत्रित देख वे भाव-विभोर हो उठे। समारोह में संस्था के भूतपूर्व शिक्षकों की उपस्थिति ने वातावरण को और अधिक स्मरणीय बना दिया। संस्था सैकड़ों प्रवासी छात्र इसमें लाइव जुड़े। समारोह में एलुमनाई पोर्टल का लोकार्पण प्राचार्य फादर पायस सिरियाक, फादर कैजेटन डी मेलो एवं विद्यालय प्रबंधन के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर सेंट अर्नाल्ड्स एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद नायर ने नवगठित एलुमनाई समिति का परिचय कराया। उन्होंने बताया कि एलुमनाई संघ बंधुत्व, सम्मान, शौर्य, सत्यनिष्ठा, समावेशिता, उत्कृष्टता, उत्तरदायित्व, सेवाभाव एवं निरंतरता जैसे उदात्त जीवन मूल्यों पर आधारित है।
कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र मे, मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारी एवं वर्ष 2007 बैच के पूर्व छात्र चंद्रकांत पटेल ने साइबर सुरक्षा विषय पर अपना उद्बोधन दिया। स्कूल के पूर्व शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। संघ के लिए आर्थिक सहयोग करने वाले पूर्व छात्रों का अभिनंदन किया गया। संस्था ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी पूर्व छात्रों के लिए नेटवर्किंग कार्यक्रम, परोपकार एवं छात्रों व पेशेवरों के लिए कौशल विकास की पहलों को निरंतर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन के लोग उपस्थित थे।


