Health

MGM मेडिकल कॉलेज को बड़ी सौगात: एनएमसी ने बढाई तीन और सुपरस्पेशलिटी सीटे

इंदौर(विनोद गोयल)।  इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC)  ने कॉलेज के न्यूरोसर्जरी विभाग का निरीक्षण के बाद विभाग की व्यवस्थाओं और शैक्षणिक स्तर पर संतोष जताते हुए तीन MCh की सीटों में वृद्धि कर दी है।

सुपरस्पेशियलिटी सीटों की संख्या बढ़कर हुई 13
NMC के इस फैसले के बाद अब एमजीएम मेडिकल कॉलेज में सुपरस्पेशलिटी  MCh सीटें बढ़कर 13 प्रति वर्ष हो जायेंगी ।यह वृद्धि कॉलेज के बुनियादी ढांचे, आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता को देखते हुए की गई है।

पीजी ब्रॉड स्पेशलिटी की 72 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा
महाविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की सीटों में वृद्धि की दिशा में  भी  महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। वर्तमान में पीजी ब्रॉड स्पेशलिटी में कुल 283 सीटें संचालित हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय प्रशासन द्वारा लगभग 72 अतिरिक्त सीटों की वृद्धि हेतु प्रस्ताव National Medical Commission (एनएमसी), नई दिल्ली को भेजने की तैयारी की जा रही है।

न्यूरो सर्जरी की 3 सीटों की वृद्धि
इसी प्रकार, पीजी सुपर स्पेशलिटी में वर्तमान में 10 सीटें संचालित हैं। एनएमसी द्वारा एमसीएच न्यूरो सर्जरी की 3 सीटों की वृद्धि को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके बाद सुपर स्पेशलिटी विभाग में कुल 13 सीटें संचालित होंगी। साथ ही, महाविद्यालय द्वारा इस वर्ष लगभग 22 अतिरिक्त सुपर स्पेशलिटी सीटों की वृद्धि के लिए भी एनएमसी, नई दिल्ली को प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

न्यूरोसर्जरी विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी
अधिष्ठाता एमजीएम मेडिकल कॉलेज डॉ अरविंद घनघोरिया ने कहा कि एमसीएच कोर्सेज में सीटों का बढ़ना एमजीएम मेडिकल कॉलेज के लिए बड़े गौरव की बात है। इससे न केवल मेडिकल कॉलेज की साख बढ़ेगी, बल्कि न्यूरोसर्जरी जैसे जटिल क्षेत्र में देश को हर साल 5 कुशल सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर मिल सकेंगे। MCh सीटों में वृद्धि से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी।

जूनियर डॉक्टरों और रेजिडेंट्स की संख्या बढ़ने से जटिल सर्जरी के लिए मरीजों को अब और भी बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा। महाविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य प्रदेश के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या में वृद्धि करना है।

Shares:
Leave a Reply