Popular

Politics

जब भाजपा के नेता पत्थर बरसा रहे थे तो पास में ही पुलिस खड़े होकर मुंह देख रही थी – चिंटू चौकसे

इंदौर।   इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा है कि आज प्रशासन और पुलिस के संरक्षण में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पत्थर और बोतलों से हमला किया। जब यह हमला किया जा रहा था उस समय पर इन भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस खड़े होकर देख रही थी। प्रशासन के द्वारा भारतीय जनता युवा मोर्चा को कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन की अनुमति देना ही गलत था।

कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन की अनुमति गलत
चौकसे ने आज हुए घटनाक्रम पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रशासन ने सबसे पहले कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन की अनुमति गलत दी। निश्चित तौर पर यह अनुमति ऊपर से आए दबाव के आधार पर प्रशासन के अधिकारियों के द्वारा दी गई होगी। इसके बाद जब कांग्रेस कार्यालय पर पुलिस के द्वारा व्यवस्थित बेरीकेटिंग कर दी गई थी, तो उसे देखकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पत्थर और टमाटर फेंकना शुरू कर दिए।

कांग्रेस तो गांधीवादी राह पर है चलती
चौकसे ने कहा कि कांग्रेस तो गांधीवादी राह पर चलती है। हम अपने कार्यालय के बाहर शांतिपूर्वक खड़े हुए थे। भाजपाइयों ने उत्पाद मचाया। पुलिस के अधिकारी नजारे को देखते रहे। इन अधिकारियों को चाहिए था कि जैसे ही भाजपाइयों ने हमला करना शुरू किया था वैसे ही लाठी चार्ज करके उन्हें खदेड देते।

शहर की फिजा को बिगाड़ने की रिहर्सल
चौकसे ने कहा कि राजनीतिक दबाव में अधिकारियों के द्वारा कार्रवाई नहीं की गई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा आज किया गया प्रदर्शन और हिंसा शहर की फिजा को बिगाड़ने की रिहर्सल है। मेरा स्पष्ट मानना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाना चाहिए। आज कांग्रेस कार्यालय के सामने हुए घटनाक्रम की न्यायिक जांच कराई जाना चाहिए। इस जांच से पहले उन प्रशासन के अधिकारियों पर कार्रवाई करना चाहिए जिन्होंने की भारतीय जनता युवा मोर्चा को कांग्रेस कार्यालय पर आकर प्रदर्शन करने की अनुमति दी। उसके बाद पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई करना चाहिए जिन्होंने की इस प्रदर्शन की अनुमति देने के लिए अपनी सहमति दी।

नई परंपरा का आगाज
चौकसे ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा संगठन के द्वारा आज के कांग्रेस कार्यालय पर किए गए आंदोलन के माध्यम से नई परंपरा शुरू की गई है। अब भाजपा ने यह परंपरा बनाई है कि यदि हमें विरोध करना हो तो हमें दूसरे दल के कार्यालय पर जाकर हंगामा करना चाहिए। में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से आग्रह करूंगा कि वह प्रदेश में राजनीतिक स्वच्छता के वातावरण को गंदगी में तब्दील नहीं करें।

Shares:

Popular

Popular

Leave a Reply