मैंगो जत्रा में पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, महाराष्ट्र के 24 आम उत्पादक किसानों को देंगे प्रोत्साहन राशि
इंदौर। मराठी सोशल ग्रुप द्वारा ढक्कन वाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार में आयोजित मैंगो जत्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विभिन्न किस्मों के आमों को देखा और आम उत्पादकों से बातचीत कर उनकी विशेषताओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का स्वागत संस्था के सुधीर दांडेकर तृप्ति महाजन और राजेश शाह ने किया।
मुख्यमंत्री ने खासतौर पर महाराष्ट्र से आए किसानों द्वारा लाए गए हापुस सहित विभिन्न प्रजातियों के आमों की गुणवत्ता और स्वाद की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा जुड़ाव स्थापित करते हैं तथा देश की पारंपरिक कृषि और फलों की विविधता को बढ़ावा देते हैं।

मैंगो जत्रा में महाराष्ट्र के 24 किसान अपने विशेष आम लेकर पहुंचे हैं। किसानों के उत्साह और परिश्रम को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रत्येक किसान को सम्मान स्वरूप 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
आयोजन में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन भी उपस्थित रही।


