पार्थिव शरीरों के अंतिम संस्कार और गोशालाओं में सेवाएँ देने वाले 12 सेवादारों का संतों के सानिध्य में 7 जून को हंसदास मठ पर सम्मान
श्रद्धा सुमन सेवा समिति के संस्थापक मोहनलाल सोनी की स्मृति में पहली बार पुरुषोत्तम मास में अनूठा सम्मान समारोह
इंदौर । कोरोना काल के पहले से लेकर अब तक पिछले 20 वर्षों से स्मशान घाट पर आने वाले पार्थिव शरीरों को अंतिम संस्कार के लिए तैयार करने में मदद करने वाले शहर के 6 सेवादारों तथा गोशालाओं में रहकर बीमार और बुजुर्ग गायों की सेवा से लेकर गोशालाओं की साफ-सफाई और उनके लिए भूसे-पानी की व्यवस्था करने वाले 6 सहयोगी बंधुओं सहित शहर के एक दर्जन लोगों का सम्मान समारोह रविवार 7 जून को शाम 7 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित हंसदास मठ पर श्रद्धा सुमन सेवा समिति की मेजबानी में आयोजित होगा। शहर में इस तरह का सम्मान समारोह संभवतः पहली बार ही हो रहा है जिसमें आमंत्रित सेवादारों को श्रद्धा निधि के साथ नए वस्त्र और उनके परिजनों सहित माधुर्य भोज की व्यवस्था भी की गई है।
श्रद्धा सुमन सेवा समिति के अध्यक्ष हरि अग्रवाल, राजेन्द्र सोनी एवं राजेन्द्र गर्ग ने बताया कि कार्यक्रम में श्री श्रीविद्याधाम की गोशाला में पिछले 34 वर्षों से सेवाएं दे रहे गंभीर सोलंकी, गोकुलम गोशाला यशवंत सागर पर 8 वर्षों से सेवारत पप्पू चौहान, नगर निगम की रेशम केंद्र स्थति गोशाला में 12 वर्षों से सेवाएँ दे रहे रवि जाटव और ग्राम सिकन्दरी स्थित श्रीकृष्ण बलदेव गोधाम में 21 वर्षों से सेवारत पीरूलाल के साथ पिछले 8 वर्षों से बीमार गायों की विभिन्न गोशालाओं में पहुंचकर सेवाए देने वाले योगेश होलानी का सम्मान किया जाएगा। ये वे लोग हैं जो गोशालाओं में रहने वाली बीमार और बुजुर्ग गायों, उनके बछड़ों आदि की हर तरह की सेवा में अपना जीवन समर्पित किए हुए हैं।
इसी तरह शहर के मुक्ति धामों में सेवाएँ देने वाले 6 सेवादारों को भी इस समारोह में आमत्रित किया गया है जिसमें पंचकुइया मुक्ति धाम में पिछले 35 वर्षों से अंत्येष्टि स्थल पर पार्थिव देह के लिए लकड़ी, कंडे ज़माने वाले पूनम खोडे, जूनी इंदौर मुक्ति धाम पर कार्यरत बबलू, तिलक नगर मुक्ति धाम पर सेवाएँ दे रहे महेश वर्मा, बिचौली मर्दाना मुक्ति धाम पर सेवारत रामदास, बिचौली हप्सी मुक्ति धाम के सोनू और मुक्ति धाम पर भागवत कथा का आयोजन करने वाले अशोक शारडा के नाम शामिल हैं।
इन सभी सेवकों ने मुक्ति धाम आने वाले पार्थिव शरीरों को चिता पर समर्पित करने के पूर्व उनकी अंतिम बिदाई की तैयारियों में सहयोग किया है। इन सभी सेवादारों की खाताबही में हजारों शवों को लकड़ी-कंडो से श्रृंगारित करने का काम दर्ज है। श्रद्धा सुमन सेवा समिति ने पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में अपने संस्थापक मोहनलाल सोनी की स्मृति में यह अनूठा सम्मान समारोह संजोया है। सोनी ने 70 वर्षों तक में आदर्श विद्या भवन मुकेरीपुरा, आदर्श स्मार्ट किड एकेडमी के माध्यम से शिक्षा दान और श्रद्धा सुमन सेवा समिति के जरिए पिछले 26 वर्षों में 30 हजार से अधिक ज्ञात-अज्ञात दिवंगतों की अस्थियों का देश की पवित्र नदियों में शास्त्रोक्त विधि से विसर्जन किया है। यही नहीं वे बिजासन रोड स्थित अखंड धाम पर भी लगातार 50 वर्षों तक संतों की सेवा में समर्पित रहे हैं।
रविवार 7 जून को होने वाले सम्मान समारोह में हंसदास मठ के महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज, महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज एवं अखंड धाम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप के सानिध्य में इस सभी सेवादारों का समाजसेवी महेंद्र विजयवर्गीय के विशेष आतिथ्य में सम्मान किया जाएगा। संतों और ब्राह्मणों के साथ इन सभी सेवादारों के लिए माधुर्य भोज भी रखा गया है। हंसदास मठ पर भागवत पारायण कर रहे 108 विद्वान ब्राह्मण भी इस सम्मान समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।


