सिलिकॉन वैली में गूंजी इंदौर और मप्र की समृद्ध संस्कृति
केलिफोर्निया के मिल्पिटास शहर में इंदौर के गौतम काले और राजीव नेमा के आतिथ्य में सजी प्रवासी भारतीयों की सुहानी शाम
इंदौर, । सात समन्दर पार अमेरिका के केलिफोर्निया राज्य के सिलिकॉन वैली, मिल्पिटास शहर में हाल ही मध्य प्रदेश और इंदौर की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विरासत को समर्पित एक सांस्कृतिक आयोजन में अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अनेक प्रभावी प्रस्तुतियां सम्पन्न हुई जिन्होंने इंदौर और प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को दुनिया के अन्य देशों तक पहुंचाने जैसा महत्वपूर्ण काम किया।
शहर के प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत गायक पंडित गौतम काले और अपनी मालवी कॉमेडी के लिए दुनियाभर में मशहूर इंदौर के राजीव नेमा की मौजूदगी ने इस सांस्कृतिक संध्या को नए आयाम प्रदान किए। मध्य प्रदेश देसी कनेक्ट (एमपीडीसी) की मेजबानी में ग्लोबल यूथ एम्पावरमेंट फाउंडेशन (गीवायईएफ) के दीपक छाबड़ा के सहयोग से आयोजित इस शानदार आयोजन में एमपीडीसी के मेघा नायक, मधुर अग्रवाल और गौरव जैन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही जिन्होंने प्रवासी भारतीय समुदाय के बीच सांस्कृतिक एकता, परम्पराओं के संरक्षण और अपनी मातृभूमि से भावनात्मक जुडाव का सशक्त सन्देश दिया।
फ्री माउंट (सिलिकॉन वेली) में रहने वाले इंदौर के युवा पीयूष बंसल ने बताया कि मध्य प्रदेश और इंदौर की अपनी पहचान को इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने की दिशा में यह एक यादगार शाम थी जिसमें नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़कर इंदौर की कला, संस्कृति और विरासत को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठापित करने का उद्देश्य भी था। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजन निरंतर होते रहेंगे जिसके लिए सभी प्रवासी भारतीय मिलकर काम करें


