*आनंद फार्म की वर्षों पुरानी सीवरेज समस्या का होगा समाधान*
*विधायक मधुवर्मा ने नई सीवर लाइन बिछाने का दिया आश्वासन, रहवासियों में खुशी*
इंदौर। केट चौराहा स्थित आनंद फार्म सोसाइटी की वर्षों पुरानी सीवरेज समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा ने सोसाइटी में नई सीवर लाइन बिछाने का आश्वासन देते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने और कार्य शीघ्र शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक मधु वर्मा से मुलाकात कर बताया कि कॉलोनी में नई सीवर लाइन नहीं होने के कारण गंदे पानी की निकासी लंबे समय से बाधित है। इससे रहवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या सुनने के बाद विधायक श्री मधु वर्मा जी ने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक जनसमस्या का निराकरण उनकी प्राथमिकता है तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नई सीवर लाइन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
आनंद फार्म सोसाइटी के अध्यक्ष अनुज उपाध्याय ने विधायक मधु वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलोनीवासी लंबे समय से नई सीवर लाइन की मांग कर रहे थे। उनके आश्वासन से रहवासियों में खुशी और उम्मीद का माहौल है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि संजय वर्मा, नगर निगम के जलकार्य एवं सीवरेज विभाग के प्रभारी अभिषेक (बबलू) शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनीष केसवानी, मंडल महामंत्री प्रदीप गहलोत, पार्षद प्रशांत बड़वे, वार्ड संयोजक मनोहर व्यास सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सावरिया गार्डन रोड के ड्रेनेज निर्माण कार्य का भूमि पूजन भी किया गया। कार्यक्रम में विधायक मधु वर्मा ने पुनः आश्वस्त किया कि आनंद फार्म में नई सीवर लाइन का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे वर्षों से चली आ रही सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।


