शहर को हराभरा बनाने के लिए गोयल पारमार्थिक ट्रस्ट और चमेलीदेवी योग केंद्र ने बनाई सीड बॉल बाँटने की योजना
प्रथम चरण में 2 हजार पैकेट्स का 18 योग केन्द्रों के माध्यम से किया गया वितरण
इंदौर। बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के तहत गोयल पारमार्थिक ट्रस्ट के सहयोग से शहर को हराभरा बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। इसके अंतर्गत राजस्थान के एक सांवरिया स्वयं सहायता समूह के सहयोग से शहर में करीब 7500 सीड बॉल का वितरण किया जा रहा है। यह सीड बॉल उक्त स्वयंसेवी समूह की ग्रामीण महिलाओं ने इंदौर में आकर ही तैयार किए हैं जिसमें वट, पीपल, जामुन, नीम, अश्वगंधा आदि के बीज गोबर एवं मिटटी के मिश्रण सहित रखे गए हैं।
बुधवार को गीता भवन में आयोजित एक समारोह में समाजसेवी प्रेमचंद गोयल, किशोर गोयल, राजेश बंसल एवं आशा जैन ने स्वयं सहायता समूह के प्रवीर की मौजूदगी में इस अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत चमेलीदेवी योग केंद्र के शहर में चल रहे सभी 18 केन्द्रों पर यह सीड बॉल वितरण किए जा रहे हैं। ये सभी सीड बॉल ऐसे स्थानों पर फेंके जाएँगे जो जंगल, नदी, नाले अथवा अपने आंगन के आसपास खुली जगह पर रोपित करने के लिए दिए गए हैं। इन्हें अंकुरित करने की प्रक्रिया बहुत आसान है जिसमें इन्हें केवल किसी भी ऐसे स्थान पर रखना है जहाँ हवा पानी की आपूर्ति हो रही हो और जहाँ लोगों का आना-जाना नगण्य अथवा कम होता हो। जैसे ही इस सीड बॉल पर पानी की बूंदें गिरेंगी, मिटटी और गोबर के मिश्रण से इस बॉल में मौजूद बीज अंकुरित होकर अपनी जगह बना लेंगे। इस तरह शहर के विभिन्न कॉलोनियों में प्रथम चरण में 2 हजार पैकेट बांटे गए हैं। चमेलीदेवी योग केंद्र के साधक इन सीड बॉल को उपयुक्त क्षेत्र में रखकर आसपास के क्षेत्र को हराभरा बनाएँगे
।


