आज मानवीय मूल्यों की मजबूती के लिए निरंतर प्रयास करने की सख्त जरूरत–मुनिश्री सुधासागर
राष्ट्र संत का सुमति धाम, गोधा इस्टेट पर भव्य पदार्पण-26 को होगा मंगल प्रवेश
इंदौर। सूर्य कभी अपनी गति को कम ज्यादा नहीं करता, वह निरंतर चलते हुए सबको बिना किसी भेदभाव के प्रकाश देता है। हम अपने द्वार को खोलकर रखेंगे तो सूर्य का प्रकाश मिलेगा ही, इसी तरह हम मानवीय मूल्यों की कद्र करेंगे तो हम चाहें या न चाहें, प्रतिफल तो अपने आप मिलेगा ही। आज हर व्यक्ति चाहता है कि वह सम्मान के साथ जिए और सब लोग उसका सम्मान करें लेकिन विडम्बना यह है कि वह किसी को सम्मनित होते देखना नहीं चाहता। हमें इस प्रवृत्ति को सुधारना होगा। अच्छा काम करने वालों की जगत में हमेशा अच्छाई ही होती है। आज के समय में मानवीय मूल्यों की मजबूती के लिए निरंतर प्रयास करने की सख्त जरूरत है।
ये प्रेरक आशीर्वचन हैं राष्ट्र संत मुनि पुंगव श्री प.पू. श्री सुधासागर महाराज के, जो उन्होंने एयरपोर्ट रोड स्थित सुमति धाम पर अपने भव्य पदार्पण के दौरान महती धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इसके पहले सेटेलाइट नगर से प.पू. सुधासागर म.सा. ससंघ 18 पिच्छिकाओं का मंगल विहार करते हुए सुमति धाम गोधा इस्टेट पधारे, जहाँ हजारों श्रद्धालुओं ने उनकी गरिमापूर्ण अगवानी की। इस अवसर पर अपने आशीर्वचन में भक्तों से आग्रह किया कि वे कभी भी यह विचार और शब्द नहीं लाएं कि “यह मेरे बस की बात नहीं”। यदि आप सब ने ऐसा संकल्प कर लिया तो इंदौर में मेरा चातुर्मास सफल हो जाएगा। विश्वास रखें कि इंदौर के घर-घर में सौगात बरसेगी, कोई न कोई शगुन आएगा। मैं कभी भी आपको आदेशात्मक बात नहीं कहूँगा। यदि तुमने “ये मेरे बस की बात नहीं” शब्द नहीं कहे तो याद रखना कि गुरु के मुख से यह बात निकली है और गुरु मेरी नगर सीमा में आया है तो मेरे बस में हर काम संभव है।
राजकीय अतिथि का दर्जा – मुनि पुंगव श्री सुधासागर महाराज को राज्य सरकार ने राजकीय अतिथि का दर्जा घोषित किया है। मप्र महासभा के संयोजक विजय धुर्रा ने बताया कि मप्र सरकार ने प.पू. राष्ट्र संत सुधासागर म.सा. को राजकीय अतिथि घोषित किया है। उनका चिंतन हमेशा देश और समाज उत्थान के लिए ही होता है तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के वे प्रखर चिन्तक हैं। उनकी पावन निश्रा में चातुर्मास का दिव्य आयोजन मंगल पावन वर्षा के रूप में 26 जुलाई को भव्य भंगल प्रवेश के साथ होने जा रहा है। चातुर्मास धर्म प्रभावना समिति ने मुनिश्री को राजकीय अतिथि का दर्जा दिए जाने पर राज शासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है। सुबह मुनिश्री के ससंघ सुमति धाम आगमन पर समाज बंधुओं में जबरदस्त उत्साह एवं जोश का वातावरण देखने को मिला। 26 जुलाई को मुनिश्री का मंगल प्रवेश होगा जिसकी जोरदार तैयारियां की जा रही है।


