Culture and society

दस वर्षीय बालिका ऐश्वर्या ने संस्कृत एवं वैदिक मंत्रों के ज्ञान में बनाया विश्व कीर्तिमान

दस वर्षीय बालिका ऐश्वर्या ने संस्कृत एवं वैदिक मंत्रों के ज्ञान में बनाया विश्व कीर्तिमान

शंकराचार्यजी ने प्रदान किया विश्व रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र, लंदन में ब्रिटिश संसद में होने वाले कार्यक्रम के लिए भी नामांकित

इंदौर। श्री सत्य साईं विद्या विहार इंदौर की 10 वर्षीय बालिका ऐश्वर्या शर्मा ने अल्पायु में संस्कृत भाषा, वैदिक मंत्रों एवं प्राचीन सनातन धर्मग्रंथों के विशिष्ट ज्ञान के लिए विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर अपने विद्यालय, समाज, शहर एवं मध्यप्रदेश का भी गौरव बढ़ाया है। ऐश्वर्या को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से विश्व कीर्तिमान का प्रमाण पत्र हाल ही इंदौर प्रवास के दौरान शृंगेरी शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य श्री श्रीविधुशेखर भारती सन्निधानम ने प्रदान किया। ऐश्वर्या को यह विश्व रिकॉर्ड संस्कृत भाषा एवं प्राचीन धर्मग्रंथों के असाधारण ज्ञान, वेदों एवं श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों को समझने और उनका पाठ करने की विशिष्ट प्रतिभा के साथ ही भारतीय आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में योगदान के लिए दिया गया है।

ऐश्वर्या ने मात्र 3 वर्ष की आयु से ही अपने दादा आचार्य पं. रामचंद्र शर्मा वैदिक के सान्निध्य में संस्कृत श्लोकों एवं वैदिक मंत्रों का अध्ययन प्रारंभ कर दिया था। हाल ही जगद्गुरु शंकराचार्य की इंदौर में विजय यात्रा के दौरान ऐश्वर्या ने महाराजश्री द्वारा संपन्न श्री चंद्रमौलेश्वर पूजन के अवसर पर भी उनकी साक्षी में मंत्रपाठ किया। सम्मान प्रदान किए जाने के अवसर पर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से इंडिया हेड राजीव भी उपस्थित थे। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के सीईओ संतोष शुक्ला ने ऐश्वर्या के इस विश्व रिकॉर्ड को यूके एडिशन के लिए भी नामांकित किया है, जिसका आयोजन आगामी वर्ष 2027 में लंदन स्थित ब्रिटिश संसद में प्रस्तावित है। ऐश्वर्या कक्षा पांचवीं की छात्रा है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अंजू चोपड़ा ने ऐश्वर्या को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मात्र 10 वर्ष की आयु में ऐश्वर्या की यह उपलब्धि भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा एवं वैदिक परंपराओं के प्रति नई पीढ़ी को प्रेरित करने का एक अनुकरणीय उदाहरण है।

 

 

Shares: