बिजासन रोड स्थित अखंड धाम पर 59 वें अ.भा. अखंड वेदांत संत सम्मेलन का सात दिनी आयोजन 23 दिस से
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ एवं जगद्गुरु स्वामी रामदयाल सहित 40 से अधिक संत आएँगे
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय प्रमुख संयोजक एवं समाजसेवी टीकमचंद गर्ग और विष्णु बिंदल स्वागताध्यक्ष मनोनीत
इंदौर । बिजासन रोड स्थित शहर के प्राचीन अखंड धाम आश्रम पर अ.भा. वेदांत संत सम्मलेन का 59 वां आयोजन 23 दिसम्बर से प्रारंभ होकर आश्रम के संस्थापक स्वामी अखंडानंद महाराज की महाआरती के साथ 29 दिसम्बर तक चलेगा। इस दौरान देश के जाने-माने संत, विद्वान, आचार्य, महामंडलेश्वर एवं तपोनिष्ठ वक्ता प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक अपने प्रवचनों की अमृतवर्षा करेंगे। सम्मेलन में दोपहर 1 से 3 बजे तक सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न आयोजन भी होंगे।
सम्मलेन का शुभारंभ 23 दिसम्बर को दोपहर 3 बजे अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज के मुख्य आतिथ्य एवं जगद्गुरु शंकराचार्य भानपुरा पीठाधीश्वर स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ की अध्यक्षता, वृंदावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद के सानिध्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल तथा प्रेमचंद गोयल के विशेष आतिथ्य में होगा। अखंड धाम आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष हरि अग्रवाल ने बताया कि संत सम्मेलन की दिव्यता को देखते हुए पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय को प्रमुख संयोजक एवं समाजसेवी टीकमचंद गर्ग और विष्णु बिंदल को स्वागताध्यक्ष मनोनीत किया गया है। समिति के प्रमुख संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल, प्रेमचंद गोयल एवं बालकृष्ण छावछरिया के मार्गदर्शन में सोमवार 30 नवम्बर को संत सम्मेलन की तैयारियों हेतु आयोजित बैठक में विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। इनमें संत सेवा, भोजन व्यवस्था, प्रसाद वितरण, महिला समिति, युवा समिति सहित करीब 10 समितियों का गठन होगा।
सम्मेलन में इस बार भी जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ, अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के आचार्य जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज, रामजन्भूमि न्यास अयोध्या के वरिष्ठ न्यासी युगपुरुष स्वामी परमानन्द गिरि महाराज, वृन्दावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद सहित देश के अनेक तीर्थस्थलों के जाने-माने 40 से अधिक संत-विद्वान आएँगे। प्रतिदिन दोपहर में 3 बजे से प्रवचनों की अमृत वर्षा होगी। सम्मेलन की व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। आश्रम पर ओम नमः शिवाय महामंत्र का अखंड जाप भी पिछले 58 वर्षों से चल रहा है।
