पीड़ित और जरुरतमंद लोगों की सेवा भी किसी तीर्थ के समान पुण्य फल से कम नहीं होती : गोयल
श्रीमती कृष्णादेवी गुप्ता की स्मृति में छावनी हाट मैदान स्थित अग्रवाल कन्या पाठशाला की बालिकाओं को भेंट किए उपहार
इंदौर। पीड़ित और जरुरतमन्द लोगों की सेवा भी किसी तीर्थ के समान पुण्य फल से कम नहीं होती। अपने आसपास के ऐसे लोगों की मदद करना हम सबका नैतिक दायित्व है। श्रीमती कृष्णादेवी गुप्ता की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए गठित ट्रस्ट की मेजबानी में किए जा रहे सेवाकार्य अन्य व्यक्तियों और संगठनों के लिए भी अनुकरणीय है। अपने दिवंगत परिजनों की यादों को सहेजने के लिए खुशियों का बटवारा निरंतर करने रहना चाहिए।
ये प्रेरक विचार हैं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त एवेरेस्ट स्काउट क्लब के संरक्षक समाजसेवी रामदास गोयल के, जो उन्होंने मध्य भारत अग्रवाल सभा के महामंत्री रमेश गुप्ता पीठेवाले की धर्मपत्नी स्व. श्रीमती कृष्णादेवी गुप्ता की पंचम पुण्यतिथि पर छावनी हाट मैदान स्थित अग्रवाल कन्या पाठशाला की 250 बालिकाओं को शीतकाल में स्वेटर एवं अन्य उपहार भेंट करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। इस अवसर पर समाजसेवी रसनिधि गुप्ता, वासुदेव मूंदड़ा एवं राधेश्याम गोयल विशेष अतिथि थे। पार्षद मृदुल अग्रवाल, कांग्रेस नेता शैलेन्द्र गर्ग एवं प्रदेश कांग्रेस व्यापार एवं उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष अरविन्द बागड़ी भी इस अवसर पर उपस्थित थे जिन्होंने पाठशाला में पढने वाली जरुरतमन्द 250 बालिकाओं को श्रीमती कृष्णादेवी की स्मृति में वूलन स्वेटर भेंट किए। सभी अतिथियों ने बालिकाओं के उज्जवल भविष्य की मंगल कामनाएँ भी व्यक्त की और ट्रस्ट के इस सेवा कार्य को अन्य संगठनों के लिए भी अनुकरणीय और वन्दनीय बताया। प्रारंभ में ट्रस्ट की ओर से दीपक गुप्ता मोंटी, भगवानदास, दिलीप, पवन गुप्ता, रमेश गर्ग, मोहन अग्रवाल, राजेश कुंजीलाल गोयल, संजय गोयल, मुकेश मंगल, पूनम गर्ग, नंदकिशोर कंदोई, स्वाति गुप्ता सहित अनेक समाज बंधुओं ने श्रीमती कृष्णादेवी गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। संचालन किया हेमन्त अग्रवाल ने और अंत में आभार माना रमेश गुप्ता पीठेवाले ने।
ट्रस्ट के प्रमुख दीपक गुप्ता मोंटी ने बताया कि श्रीमती कृष्णा देवी गुप्ता की पुण्यतिथि के अवसर पर ट्रस्ट की ओर से पिछले 4 वर्षों से प्रतिवर्ष सेवा कार्यों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत प्रतिवर्ष वृद्धाश्रम, अनाथालय, कन्या पाठशाला, सरकारी स्कूलों और अन्य संस्थाओं में पहुंचकर विभिन्न सेवा प्रकल्प अब तक संचालित किए गए हैं। पिछले वर्ष दीपावली पर शहर के सफाई कर्मियों को स्नेह नगर में आमंत्रित कर उन्हें उपहार भेंट कर भोजन कराया गया और श्रद्धा निधि भी भेंट की गई। महानगर अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित 21 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में भी ट्रस्ट की ओर से दुल्हनों को उपहार भेंट किए जा रहे हैं। ट्रस्ट द्वारा चिकित्सा, शिक्षा एवं बुजुर्गों की सेवा के लिए विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जा रहे हैं।
—–

