एआई के दौर में बच्चों में पढ़ने की आदत के साथ विकसित होगी स्वतंत्र सोचने और समझने की क्षमता
– ‘कराडी पाथ एजुकेशन ने आयोजित की ‘लर्निंग टू लर्न’ कार्यशाला’
इंदौर, । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में बच्चों को अपने किसी भी सवाल का जवाब तुरंत मिल सकता है, लेकिन उनके भीतर स्वतंत्र रूप से सोचने, सवाल करने, कल्पना करने और खुद सीखने की क्षमता विकसित करना भी जरूरी हो गया है। इसी विषय को देखते हुए ‘कराडी पाथ एजुकेशन’ ने इंदौर के होटल मेरियट में शुक्रवार को ‘लर्निंग टू लर्न’ कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला में बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए मेटा-लर्निंग पर जोर दिया गया।
कार्यशाला को ‘कराडी पाथ एजुकेशन ‘ के एमडी एवं को-फाउंडर श्री सीपी विश्वनाथ और सीओओ एवं हेड ऑफ़ इनोवेशन सुश्री प्रीतिका वेंकटाकृष्णन ने संबोधित किया, जिसमें शहर के प्रमुख शिक्षाविदों और स्कूल प्रबंधन ने भाग लिया। कार्यशाला में पढ़ने को केवल भाषा सीखने का माध्यम नहीं, बल्कि सोचने और समझने का महत्वपूर्ण जरिया बनाने पर चर्चा की गई। पढ़ने के जरिए बच्चों की कल्पनाशक्ति को सक्रिय करने, किसी विषय की कल्पना करने, आगे क्या होगा इसका अनुमान लगाने और उसके अर्थ को समझने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
एमडी एवं को-फाउंडर श्री सीपी विश्वनाथ ने ‘काउंटर बैलेंसिंग एआई एंड मेटा लर्निंग’ पर अपने विचार रखे और बताया कि एआई भले ही कुछ सेकंड में किसी भी सवाल का जवाब दे सकता है, लेकिन बच्चों में कल्पनाशक्ति, जिज्ञासा, तर्क और स्वतंत्र चिंतन विकसित करना शिक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। बच्चों को केवल जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें यह भी सिखाना जरूरी है कि वे खुद कैसे सीखें, सवाल करें और समस्याओं का समाधान खोजें। इसे ‘मेटा-लर्निंग’ यानी सीखने की कला सीखना कहा जाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एआई जवाब दे सकता है, लेकिन सही सवाल पूछने, कल्पना करने, तर्क करने और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता बच्चों में विकसित करना शिक्षकों और स्कूलों की जिम्मेदारी है। तकनीक कितनी भी विकसित हो जाए, बच्चों की सोचने की क्षमता का स्थान कोई मशीन नहीं ले सकती।
सीओओ एवं हेड ऑफ़ इनोवेशन सुश्री प्रीतिका वेंकटाकृष्णन ने कार्यशाला में ‘रेजिंग रीडर्स इन द एज ऑफ एआई’ पर बात रखते हुए कहा कि इस दौर में बच्चों में गहरी समझ, आलोचनात्मक चिंतन और स्वतंत्र विचार विकसित करने के तरीके बताए जाने बेहद आवश्यक है, ताकि वे खुद सोच सकें, कल्पना कर सकें और कुछ नया रच सकें, क्योंकि पढ़ने की आदत ही बच्चों के मानसिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने ये भी बताया कि कैसी कहानी और किताबें पढ़ने से बच्चे अपने मन में दृश्यों की कल्पना करते हैं, घटनाओं का अनुमान लगाते हैं और अपनी समझ विकसित करते हैं।
कार्यशाला में साथ ही विदेशी शिक्षण पद्धतियों पर निर्भरता के बजाय भारतीय संस्कृति और परंपरा पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की जरूरत बताई गई। कार्यशाला में इस पर विचार किया गया कि शिक्षा किस प्रकार एआई का संतुलन बन सकती है, यानी कल्पनाशीलता, जिज्ञासा, स्वतंत्र चिंतन और मेटा-लर्निंग (सीखना कैसे सीखें, इसकी क्षमता) को कैसे बढ़ावा दिया जाए। उल्लेखनीय है कि ‘कराडी पाथ एजुकेशन’ स्वदेशी शिक्षण पद्धति संगीत, कहानी, अभिनय, माइम और रंगमंच के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने पर आधारित है। यह पद्धति देश के 15 हजार से अधिक स्कूलों के 20 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों तक पहुंच चुकी है।

