पहले दिन प्लास्ट पैक 2026 में पहुंचे 15 हजार से अधिक विजिटर्स, मध्य भारत बन रहा प्लास्टिक इंडस्ट्री का बड़ा हब
फार्मास्यूटिकल से कृषि और पैकेजिंग तक प्लास्टिक ने बदली उद्योगों की कार्यप्रणाली, रिसाइक्लिंग, कंपोस्टेबल मटेरियल और सर्कुलर इकोनॉमी के नवाचारों पर विशेष जोर
*इंदौर।* मध्य भारत में प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योग तेजी से एक बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। इस क्षेत्र में बढ़ते निवेश, आधुनिक तकनीक और विभिन्न उद्योगों में प्लास्टिक की बढ़ती उपयोगिता की झलक शुक्रवार को लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में शुरू हुए ‘प्लास्ट पैक 2026’ के पहले दिन देखने को मिली। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (आईपीपीएफ) द्वारा मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के सहयोग से आयोजित इस चार दिवसीय एक्सपो में पहले ही दिन 15 हजार से अधिक विजिटर्स पहुंचे। देश के आठ से अधिक राज्यों के 450 से ज्यादा प्रदर्शकों और 500 से अधिक स्टॉल्स वाली इस प्रदर्शनी में प्लास्टिक मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग, फार्मास्यूटिकल, कृषि और रीसाइक्लिंग सेक्टर में हो रहे बदलावों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस बार आयोजन की थीम ‘इनोवेशन टुवर्ड्स सस्टेनेबिलिटी, क्रिएटिंग अपॉर्चुनिटी’ रखी गई है।
आईपीपीएफ के अध्यक्ष सचिन बंसल ने कहा कि मध्य भारत में प्लास्टिक इंडस्ट्री का विकास अब एक नए चरण में पहुंच रहा है। इंदौर, पीथमपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में प्लास्टिक एवं पैकेजिंग से जुड़ी इकाइयों की बढ़ती मौजूदगी इस क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण बना रही है। प्लास्टिक उद्योग अब केवल घरेलू उपयोग की वस्तुओं या पारंपरिक पैकेजिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि फार्मास्यूटिकल, हेल्थकेयर, ऑटोमोबाइल और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की उत्पादन प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। फार्मास्यूटिकल सेक्टर में आया बदलाव इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। पहले इंजेक्शन और कैप्सूल जैसी दवाओं एवं मेडिकल उत्पादों से जुड़ी कई जरूरतों के लिए विदेशी आपूर्ति पर निर्भरता रहती थी, लेकिन अब आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग और प्लास्टिक प्रोसेसिंग तकनीकों के माध्यम से इनका निर्माण देश में ही किया जा रहा है। मेडिकल पैकेजिंग, स्टेराइल कंटेनर और दवाओं की सुरक्षित पैकेजिंग में भी प्लास्टिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन देशभर के निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और निवेशकों को एक मंच पर लाकर मध्य भारत में नए उद्योगों, तकनीकी सहयोग और रोजगार के अवसरों का रास्ता खोलते हैं। प्रदेश में पहले से संचालित 396 रजिस्टर्ड रबर एवं प्लास्टिक फैक्ट्रियां और लगभग 6,000 करोड़ रुपए के निवेश वाली 105 नई एवं निर्माणाधीन परियोजनाएं इस क्षेत्र की संभावनाओं को दर्शाती हैं।
प्लास्ट पैक 2026 के चेयरमैन जाहिद शाह ने कहा कि इस वर्ष प्रदर्शनी का दायरा पिछले संस्करण की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत बढ़ाया गया है। आयोजन का उद्देश्य केवल प्लास्टिक उद्योग के उत्पादों और मशीनरी को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि उद्योग को भविष्य की जरूरतों और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयार करना भी है। आज प्लास्टिक इंडस्ट्री के सामने सबसे बड़ी चुनौती उत्पादन के साथ-साथ प्लास्टिक कचरे का बेहतर प्रबंधन, संसाधनों का पुनः उपयोग और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प विकसित करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी में बायोडिग्रेडेबल और कंपोस्टेबल पैकेजिंग सामग्री, प्लांट बेस्ड मटेरियल, वाटर सॉल्यूबल फिल्म्स और पेपर बेस्ड पैकेजिंग जैसे विकल्प प्रदर्शित किए गए हैं। इन सामग्रियों का उद्देश्य पारंपरिक प्लास्टिक पर निर्भरता कम करने और उपयोग के बाद उनके बेहतर निस्तारण के विकल्प विकसित करना है। उन्होंने कहा कि रिसाइक्लिंग और री-यूज को उद्योग की उत्पादन प्रक्रिया का हिस्सा बनाना समय की जरूरत है। प्रदर्शनी में इस्तेमाल किए जा चुके प्लास्टिक से नए औद्योगिक उत्पाद तैयार करने, रिसाइकिल्ड मटेरियल से पैलेट बनाने और बार-बार उपयोग किए जा सकने वाले स्टोरेज बॉक्स एवं कंटेनर जैसी तकनीकों को भी प्रदर्शित किया गया है। यह बदलाव सर्कुलर इकोनॉमी की अवधारणा को मजबूत करता है, जिसमें कचरे को दोबारा संसाधन के रूप में उपयोग किया जाता है।
प्रदर्शनी में कृषि क्षेत्र के लिए विकसित प्लास्टिक आधारित तकनीकें भी आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें वर्मी कंपोस्टिंग बेड, एजोला कल्टीवेशन बेड, मल्च फिल्म, ग्राउंड कवर और पॉलीहाउस में उपयोग होने वाली सामग्री शामिल हैं। इनका उपयोग खेती में नमी बनाए रखने, खरपतवार नियंत्रण, जैविक खाद निर्माण और संरक्षित कृषि जैसी जरूरतों के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा रिसाइकिल्ड प्लास्टिक से बने उत्पादों और कार्बन डाइऑक्साइड को उपयोगी सामग्री में परिवर्तित करने से जुड़ी तकनीकों की अवधारणाएं भी प्रदर्शित की गईं। प्रदर्शनी में मौजूद ये नवाचार बताते हैं कि प्लास्टिक उद्योग अब केवल उत्पादन बढ़ाने की दिशा में नहीं, बल्कि कम संसाधनों में अधिक उपयोगिता, कचरे में कमी और पर्यावरण के अनुकूल विनिर्माण की ओर भी आगे बढ़ रहा है।

