बाणेश्वरी कावड़ यात्रा इस बार 3 अगस्त से, नर्मदा का जल लेकर 3 हजार से अधिक श्रद्धालु होंगे शामिल
रात्रि विश्राम वाले स्थानों पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम एवं सुंदरकांड पाठ होंगे
इंदौर।। मालवांचल की सबसे बड़ी ‘बाणेश्वरी कावड़ यात्रा’ इस बार रविवार 2 अगस्त को इंदौर से दोपहर 1 बजे बस द्वारा महेश्वर और वहां से सोमवार, 3 अगस्त को सुबह 7 बजे मां नर्मदा के दुग्धाभिषेक एवं चुनरी समर्पण के बाद महाकालेश्वर उज्जैन के लिए प्रस्थित होगी। कावड़ यात्रा का समापन उज्जैन में सोमवार 10 अगस्त को सुबह 4 बजे भगवान महाकालेश्वर के जलाभिषेक के साथ होगा। इस बार भी यात्रा में तीन हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा का यह 24वां वर्ष होगा। इस बार पर्यावरण एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने के आयोजन भी रात्रि विश्राम वाले स्थानों पर होंगे।
सांवेर रोड स्थित मौनी बाबा आश्रम पर आयोजित बैठक में यात्रा संयोजक विधायक गोलू शुक्ला ने उक्त यात्रा कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को मरीमाता चौराहे से दोपहर 1 बजे बस द्वारा महेश्वर और वहां से 3 अगस्त को सुबह 7 बजे कावड़ पदयात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा 3 अगस्त की शाम को गुजरी, 4 को मानपुर, 5 को महू, 6 को इंदौर, 7 को नगर भ्रमण के बाद रेवतीरेंज, 8 को पंथपिपलई और 9 को उज्जैन पहुंचकर रात्रि विश्राम के बाद 10 अगस्त को सुबह 4 बजे भगवान महाकालेश्वर के जलाभिषेक और उनसे प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि के साथ ही सुखद वर्षा की प्रार्थना के साथ यात्रा का समापन होगा। यात्रा के लिए पंजीयन की प्रक्रिया मरीमाता चौराहा स्थित कार्यालय पर नियमित रूप से चल रही है। अब तक लगभग 3 हजार पंजीयन हो चुके हैं।
मौनी बाबा आश्रम पर संपन्न हुई इस बैठक में महामंडलेश्वर स्वामी राधे राधे बाबा, हंसदास मठ के महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज, महामंडलेश्वर हरिओम दास के सानिध्य एवं भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधानसभा प्रभारी दिनेश वर्मा, विधानसभा क्षेत्र क्र. 3 के सभी पार्षद, मंडल अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस महती बैठक में विधायक गोलू शुक्ला ने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे पर्यावरण एवं जल संरक्षण को विशेष महत्व देते हुए रात्रि विश्राम वाले स्थानों पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पंचों, सरपंचों, पार्षदों, जनपद सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल कर अपनी कावड़ यात्रा को सार्थक बनाएं। सभी स्थानों पर रात्रि में सुंदरकांड पाठ एवं सुबह नियमित योगाभ्यास, प्रार्थना एवं पौधरोपण के आयोजन होंगे।
प्रारम्भ में यात्रा प्रभारी एवं भाजपा के नगर उपाध्यक्ष दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने स्वागत भाषण देते हुए यात्रा की रुपरेखा बताई। संतों का स्वागत यश शुक्ला, अंजनेश शुक्ला, दिलीप मिश्रा, वीरू सेन, अनिल पिपलोदिया, जगजीवन प्रजापत, छन्नू दीक्षित, मेहताब सिंह, गोविंदा अवस्थी, नारायण सिंह चौहान आदि ने किया। संचालन पप्पू हार्डिया ने किया और आभार माना कमल शुक्ला
ने।


