उदयपुर | दिव्यभूमि न्यूज
नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से बिजनेस कनेक्ट इंटरनेशनल (BCI) युवा द्वारा ‘इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के 150 से अधिक स्टार्टअप्स को अपने बिजनेस आइडिया, बिजनेस मॉडल और ग्रोथ प्लान को अनुभवी निवेशकों एवं उद्योग विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

बीसीआई युवा के संस्थापक एवं चेयरमैन मुकेश मायचीवाल ने बताया कि देश में प्रतिभाशाली युवाओं और नवाचारों की कमी नहीं है, लेकिन उचित मार्गदर्शन, नेटवर्किंग और निवेश तक पहुंच के अभाव में अनेक स्टार्टअप्स आगे नहीं बढ़ पाते। इसी उद्देश्य से यह मंच तैयार किया गया है, जहां स्टार्टअप्स को निवेशकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

बीसीआई युवा की प्रेसिडेंट मीनाक्षी पालीवाल ने बताया कि कार्यक्रम में टेक्नोलॉजी, एआई, हेल्थकेयर, एग्रीटेक, फिनटेक, ई-कॉमर्स, एफ एंड बी, लॉजिस्टिक्स, टूरिज्म, फैशन, सोशल इम्पैक्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्टार्टअप्स भाग ले सकेंगे। चयनित स्टार्टअप्स अपने आइडिया की लाइव पिच प्रस्तुत करेंगे तथा अनुभवी निवेशकों, मेंटर्स और उद्योग विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम में बेहतर और निवेश योग्य स्टार्टअप्स के लिए 10 करोड़ रुपये तक के संभावित निवेश की संभावना भी रहेगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को सरकारी स्टार्टअप योजनाओं, फंडिंग, इनक्यूबेशन, नेटवर्किंग, बिजनेस विस्तार और रणनीतिक साझेदारी जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञों से जानकारी मिलेगी।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में स्टार्टअप फाउंडर्स, युवा उद्यमी, छात्र, महिला उद्यमी, एमएसएमई प्रतिनिधि और इनोवेटिव बिजनेस आइडिया रखने वाले प्रतिभागी आवेदन कर सकते हैं। आयोजन का उद्देश्य केवल निवेश उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत बनाते हुए उद्यमियों को दीर्घकालिक विकास का मंच प्रदान करना है।
दिव्यभूमि न्यूज के अनुसार, यह पहल राजस्थान सहित देशभर के उभरते उद्यमियों के लिए निवेश, नेटवर्किंग और उद्योग जगत से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।


