भगवन’ की पादुकाओं के पूजन एवं महामंडलेश्वर का पाद पूजन करने उमड़ा शिष्यों का सैलाब
इंदौर, । विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर गुरूपूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। महिलाओं के अलग-अलग समूहों ने गुरूवंदना स्वरूप भजनों के माध्यम से आश्रम के संस्थापक ब्रम्हलीन स्वामी श्री गिरिजानंद सरस्वती ’भगवन’ के मंदिर में कतारबद्ध होकर सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक उनकी पादुकाओं का पूजन किया। महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के पाद पूजन के लिए भी दिनभर कतारें लगी रही।
आश्रम परिवार की ओर से सुरेश शाहरा, राम ऐरन, यदुनंदन माहेश्वरी, पं. दिनेश शर्मा, राजेन्द्र महाजन, संजय पंडित, सत्यनारायण शर्मा, रमेश पसारी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने आचार्य पं. राजेश शर्मा एवं आचार्य मंडल के राहुल कृष्ण शास्त्री, शिव पुरोहित, योगेश पाराशर, मनसुखा शर्मा एवं रोहित वैदिक के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूज्य ‘भगवन’ की चरण पादुकाओं का पूजन एवं अभिषेक किया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व विधायक संजय शुक्ला, पार्षद बरखा मालू, भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता दीपक जैन टीनू, पार्षद निरंजन सिंह चौहान गुड्डू, महापौर प्रतिनिधि भरत पारेख, भावेश दवे सहित अनेक राजनेताओं ने आश्रम पहुंचकर महामंडलेश्वरजी का पाद पूजन कर गुरु मंत्र और दीक्षा प्राप्त की।
महोत्सव में देशभर से आए सैकड़ों भक्तों ने पूज्य ‘भगवन’ के मंदिर में दर्शन कर पादुकाओं पर पुष्पांजलि समर्पित की। मुंबई, दिल्ली, जयपुर, देहरादून एवं आसपास के शहरों एवं कस्बों के श्रद्धालु भी गुरूपूजन के लिए बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर देशभर में फैले ‘भगवन’ के अनेक वेदपाठी शिष्यों ने भी एक दिन पहले ही आश्रम आकर ‘भगवन’ की प्रतिमा का आकर्षक और मनमोहक श्रृंगार किया। चातुर्मास में महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में विभिन्न आयोजन भी होंगे, जिनकी शुरुआत हो चुकी है।


