भूतेश्वर महादेव मंदिर पर पूरे सावन माह में चौबीस घंटे
प्रतिदिन एक लाख बिल्व पत्रों से होगा पूजन-अर्चन
इंदौर में सर्व मनोकामना सिद्धिप्रद अहर्निश लक्ष्य बिल्वार्चन चिंतामणि महाप्रयोग होगा–24 अगस्त को भगवान भूतेश्वर करेंगे नगर भ्रमण
इन्दौर। शहर के पश्चिम क्षेत्र, पंचकुइया स्थित श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर पर संभवतः विश्व में पहली बार सर्व मनोकामना सिद्धि प्रद अहर्निश लक्ष्य बिल्वार्चन चिंतामणि महाप्रयोग का अनूठा आयोजन श्रावण मास में 29 जुलाई से 28 अगस्त तक लगातार चलेगा जिसमें प्रतिदिन भगवान भूतेश्वर का एक लाख बिल्व पत्रों से वैदिक विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन होगा। इसके साथ ही मंदिर पर पूरे अष्ट प्रहार अर्थात चौबीस घंटे लगातार रुद्राभिषेक, रुद्रपाठ, वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिव आराधना का अखंड क्रम भी चलेगा। देशभर के विद्वान, आचार्य एवं ब्राह्मणों के सानिध्य में होने वाला यह महाप्रयोग विशेष आध्यात्मिक अनुभूति का केंद्र बनेगा। इस दौरान सोमवार 24 अगस्त को दोपहर 3.30 बजे भगवान भूतेश्वर नगर का भ्रमण कर अपने भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे।
भूतेश्वर महादेव मंदिर के पं. हरिशानंद तिवारी एवं पं. यतीन्द्र तिवारी ने बताया कि श्रावण मास को भगवान शिव की उपासना का सर्वश्रेष्ठ समय माना गया है। इसमें बिल्व पत्र अर्पण, रुद्राभिषेक तथा शिव नाम स्मरण का विशेष महत्व होता है। भूतेश्वर महादेव मंदिर पर यह दिव्य आयोजन इसी परम्परा को जन-जन तक पहुँचाने तथा समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसके लिए 29 जुलाई को आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा से 28 अगस्त श्रावण शुल्क पूर्णिमा तक पूरे माह प्रतिदिन चौबीस घंटे (अष्ट प्रहर) एक लाख बिल्व पत्रों से भगवान भूतेश्वर महादेव का अर्चन-पूजन होगा। देश-दुनिया में इस तरह का दिव्य अनुष्ठान अब तक कहीं नहीं हुआ है, इसलिए इस आयोजन को विश्व का पहला अनुष्ठान कहना गलत नहीं होगा। इसके लिए शहर एवं अन्य स्थानों तथा नर्मदा किनारे वन विभाग एवं निजी क्षेत्रों से जुड़े बिल्व के सौ से अधिक वृक्षों को चिन्हित कर, बिल्व पत्र का संग्रहण कर उन्हें मन्दिर परिसर में ही एक कोल्ड स्टोरेज बनाकर सुरखित रखवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंदिर पर मुख्य शिवलिंग के पास 7 और पार्थिव शिवलिंग स्थापित किए जाएँगे जहाँ आचार्य डॉ. विनायक पांडे सहित देशभर से आने वाले विद्वान प्रत्येक 2 घंटे में हर शिवलिंग पर एक हजार बिल्व पत्र अर्पित करेंगे।
अनुष्ठान के दौरान सोमवार 24 अगस्त को दोपहर 3.30 बजे भगवन भूतेश्वर अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए मंदिर प्रांगण से पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। यह आयोजन केवल एक शोभा यात्रा नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति आस्था, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा समाज में धार्मिक चेतना जारी करने का सार्थक पुरुषार्थ होगा। हजारों श्रद्धालु शोभा यात्रा मार्ग में भगवान भूतेश्वर का पूजन, पुष्प वर्षा एवं आरती कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। पंडित द्वय ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह महाप्रयोग एवं नगर परिभ्रमण विश्व कल्याण, राष्ट्र की उन्नति, समाज में सुख समृद्धि एवं सदभाव तथा प्रत्येक श्रद्धालु की मनोकामना की सिद्धि के उद्देश्य से एक दिव्य और सार्थक उपक्रम साबित होगा। इसकी व्यापक तैयारियां प्रारम्भ कर दी गई है।


