बिजलपुर में भाजपा किसान मोर्चा का दीपावली मिलन एवं किसान सम्मान समारोह संपन्न
प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा जयपाल सिंह चावड़ा ने किसानों का सम्मान कर दिया विकसित भारत का संदेश,
इंदौर। राऊ विधानसभा अंतर्गत बिजलपुर में भाजपा किसान मोर्चा नगर अध्यक्ष श्री रजनीश वर्मा द्वारा आयोजित दीपावली मिलन एवं किसान सम्मान समारोह उत्साह एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों का सम्मान कर दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। विशेष रूप से दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुरस्कृत किसानों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के पश्चात सभी किसान भाइयों ने सहभोज में सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा जी तथा विशेष अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट जी राऊ विधायक श्री मधु वर्मा जी एवं पूर्व विधायक जीतू जिराती जी थे।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा जी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में देश के किसान भाइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उनकी मेहनत, समर्पण और कृषि क्षेत्र में निरंतर नवाचार ही भारत को आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कैबिनेट मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्राथमिकताओं में किसान सर्वोपरि हैं। केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सरकार की जनकल्याणकारी एवं किसान हितैषी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
राऊ विधायक मधु वर्मा ने अपने संबोधन में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए खाद पर दी जा रही सब्सिडी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को कृषि कार्यों में आर्थिक राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण के मामलों में किसानों को मिलने वाले मुआवजे को चार गुना किए जाने का महत्वपूर्ण प्रावधान किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों का भी स्वागत किया गया। किसान मोर्चा नगर अध्यक्ष श्री रजनीश वर्मा के नेतृत्व में देवगुराड़िया निवासी कांग्रेस नेता श्री हिमांशु पटेल ने अपनी पूरी टीम के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन में उनकी सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर परभाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री नारायण पटेल जी, प्रदेश मंत्री श्री सुमेर सिंह सोलंकी जी प्रदेशमंत्री एवं इंदौर संभाग प्रभारी श्री राजीव पटेल जी, भाजपा महिला मोर्चा इंदौर महानगर अध्यक्ष सुश्री श्रेष्ठा जोशी जी, किसान मोर्चा नगर अध्यक्ष श्री रजनीश वर्मा जी, एमआईसी सदस्य श्री अभिषेक ‘बबलू’ शर्मा जी, श्री विजय पाटीदार जी, श्री गणपत सिंह गौड़ जी, श्री कैलाश चौधरी जी, पार्षद श्री ओमप्रकाश आर्य जी, मंडल अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम जायसवाल जी, श्री नीरज नागदावाला जी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने किसान सम्मान, संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की। दीपावली के इस पावन अवसर पर किसानों के सम्मान और नए साथियों के भाजपा परिवार में स्वागत के साथ समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

