चंद्रवंशी यादव समाज द्वारा अपने कुलदेवता कृष्ण के जन्मोत्सव पर आयोजित महोत्सव का समापन
परदेशीपुरा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पर नंदोत्सव, भजन संध्या, महाआरती एवं सम्मान समारोह
इंदौर। श्री चंद्रवंशी यादव समाज इंदौर के तत्वावधान में अपने कुलदेवता भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर आयोजित 5 दिव्सोय महोत्सव का समापन बड़ी धूमधाम से हुआ। जगजीवनराम नगर स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर से पहले दिन भगवान के रथ एवं पालकी सहित भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें अनेक राजनेता, संत एवं विद्वान तथा विभिन्न समाजों के गणमान्य बंधु भी शामिल हुए। समाज के अध्यक्ष संतोष यादव, नारायणसिंह यादव एवं रोहित यादव ने बताया कि शोभायात्रा मंदिर से पाटनीपुरा चौराहा, नंदानगर मेनरोड, परदेशीपुरा चौराहा होते हुए राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची, जहां समापन पर महाआरती के बाद फलाहारी प्रसाद का वितरण भी हुआ। दूसरे दिन नंदोत्सव, तीसरे दिन भजन संध्या, चौथे दिन सम्मान समारोह एवं पांचवे दिन सामूहिक प्रार्थना के साथ समापन हुआ।
इस महोत्सव में महामंडलेश्वर दादू महाराज, महामंडलेश्वर नितिन महाराज, भागवताचार्य विवेकानंद एवं वृन्दावन के बाल संत ऋषभदास महाराज भी शामिल हुए। संयोजक दिलीप यादव, सतीश यादव, मानसिंह यादव, सुनील यादव, ललित यादव, मुकेश यादव, जीतू यादव एवं राजेश यादव ने बताया कि समाज के 11 सदस्यों की व्यवस्था समिति ने पूरे महोत्सव की व्यवस्थाएं संभाली। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, पूर्व पार्षद चंदूराव शिन्दे, रघु यादव, रोहित चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जन प्रतिनिधि शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र से संबंधित आकर्षक रंग-बिरंगी झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस दौरान चंद्रवंशी यादव समाज के सैकड़ों परिवार परंपरागत वेशभूषा में आकर इस महोत्सव में भागीदार बने। परदेशीपुरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर पर महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।


