इंदौर । मारुति नंदन बालाजी सेवा संस्थान एवं अग्रवाल वैश्य कपल संघ के सदस्यों ने सनावदिया के पास नर्मदा-क्षिप्रा संगम स्थल स्थित ग्राम उज्जैनी में स्थापित गौशाला में पहुंचकर गौसेवा की और विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रमों में अपनी उत्साहपूर्ण भागीदारी दर्ज कराई।
गौसेवा के लाभ बताएं
संस्था के अध्यक्ष समाजसेवी रामबाबू अग्रवाल ने इस अवसर पर गौसेवा के लाभ बताए और कहा कि हमारे शास्त्रों में भी गौसेवा को सर्वोत्तम सेवा माना गया है। गौमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। यदि गाय को प्रसन्न कर लिया जाए तो सभी देवता प्रसन्न हो जाते हैं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में सभी सदस्यों ने ग्रामीण वेशभूषा पहनकर शुद्ध ग्रामीण वातावरण का आनंद लिया। सदस्यों ने बैलगाड़ी की भी सैर की और घट्टी पीसने से लेकर छाछ बनाने तक के काम कर उनका आनंद लिया। इस मौके पर श्रीमती लक्ष्मीबाई अग्रवाल, उमा अग्रवाल, निशा अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, संगीता नीमा, करुणा गुप्ता सहित अनेक मातृशक्ति ने ग्रामीण परिवेश का आनंद लिया। गौशाला संस्थान के रामदास अग्रवाल, भीकनगांव के विनोद अग्रवाल, पचोर के दिनेश गोयल, राजेश रामबाबू ने भी संबोधित किया और ग्रामीण अंचल की शुद्ध एवं निर्मल हवा के लाभ बताए।


