इंदौर (विनोद गोयल) गणतंत्र दिवस पर “झंडा ऊँचा रहे हमारा“ अभियान की प्रवर्तक संस्था सेवा सुरभि के तत्वावधान में जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर पालिक निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण की सहभागिता में अभियान का शुभारंभ गुरुवार 15 जनवरी को दोपहर 3 बजे रेसकोर्स रोड स्थित बास्केटबाल काम्प्लेक्स पर इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन और गीता रामेश्वर ट्रस्ट की सहभागिता में देश के प्रख्यात सेलेब्रिटी लेखक और स्तंभकार चेतन भगत के व्याख्यान के साथ होगा।
राष्ट्र भक्ति से प्रेरित विभिन्न प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में प्रवेश सबके लिए निशुल्क और खुला रहेगा लेकिन पहले आएं पहले पाएं के आधार पर ही प्रवेश संभव होगा। अभियान के तहत 30 जनवरी तक विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी में 10 बड़े आयोजन होंगे। गुरुवार को चेतन भगत एक नागरिक के रूप में “मैं क्या कर सकता हूँ?” विषय पर शहर के 20 मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को प्रेरक व्याख्यान देंगे। रीगल चौराहा पर संस्था की ओर से परंपरागत इंडिया गेट की प्रतिकृति की स्थापना भी हो चुकी है। इंडिया गेट पर प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक स्कूली बच्चे आकर राष्ट्र भक्ति से प्रेरित विभिन्न प्रस्तुतियां देंगे।
अल्पसंख्यक समुदाय के स्कूली बच्चें देंगे प्रस्तुति
संस्था सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, निकेतन सेठी, मोहन अग्रवाल एवं अतुल शेठ ने बताया कि गुरुवार को बास्केटबाल काम्प्लेक्स में देश के प्रख्यात लेखक चेतन भगत करीब 20 विभिन्न कॉलेजों के युवा छात्र-छात्राओं से रु-बरु होकर उनसे “देश के लिए मैं क्या कर सकता हूँ” विषय पर दिलचस्प संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शहर के अनेक प्रबुद्धजन, शिक्षाविद एवं लेखक भी शामिल होंगे। इंडिया गेट की प्रतिकृति पर 16 जनवरी से सुबह 8 से 10 बजे के बीच स्कूली बच्चे राष्ट्रभक्ति से प्रेरित अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह क्रम 25 जनवरी तक जारी रहेगा। अभियान के तहत जो कार्यक्रम तय किए गए हैं उनमें शुक्रवार 16 जनवरी को एसजीएसआईटीएस के एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स द्वारा सुबह 8.30 बजे से कॉलेज प्रांगण से मार्चपास्ट कर इंडिया गेट पहुंचकर अनाम शहीदों को जैन इंजीनियर सोसाइटी के सहयोग से आदरांजलि प्रस्तुत करने, शनिवार 17 जनवरी को सुबह 8.30 बजे गाँधी हॉल से इंडिया गेट तक अल्पसंख्यक समुदाय के हजारों स्कूली बच्चों की रैली
पर्यावरणविद विषयों पर देंगे जानकारी
17 जनवरी को ही शाम 6.४५ बजे से पुणे के कलाकारों द्वारा “भारत हमको जान से प्यारा है” संगीत संध्या में रवीन्द्र नाट्यगृह में प्रस्तुतियां तथा सोमवार 19 जनवरी को सुबह 10 बजे रेसीडेंसी एरिया स्थित सन्मति हा.से. स्कूल की सहभागिता में “पर्यावरण में पेड़ और तितलियों का सम्बन्ध” विषय पर पर्यावरणविद डॉ. ओपी जोशी एवं डॉ. किशोर पंवार दिलचस्प जानकारियां देकर छात्रों से संवाद करेंगे। मंगलवार 20 जनवरी को गीता रामेश्वर ट्रस्ट के सहयोग से जाल सभागृह में सुबह 9 बजे से शहर के 15 प्रमुख स्कूलों के छात्र-छात्राएं अंतरविद्यालयीन देश भक्ति संगीत स्पर्धा में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। अन्य सभी कार्यक्रम भी 30 जनवरी शहीद दिवस तक चलेंगे। अभियान की सफलता के लिए सांसद शंकर लालवानी, संभागायुक्त सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा एवं शहर के सभी जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से इस रचनात्मक आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया है।


