इंदौर । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत इंदौर शहर के यातायात को सुगम, सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर के सिंह के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात/जोन 4) आनंद कलादगी के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इन कार्यक्रमों में स्कूल, कॉलेज, संस्थाएं एवं कॉर्पोरेट कंपनियां भी सक्रिय रूप से सहभागिता कर सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में अपना योगदान दे रही हैं।
गीता भवन चौराहा पर चला अभियान
इसी क्रम में आज गीता भवन चौराहा पर नुवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड द्वारा यातायात प्रबंधन पुलिस के सहयोग से एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना एवं जिम्मेदार वाहन चालकों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार वाहन चालकों को फूल, पेन की चेन एवं चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें सकारात्मक संदेश गया और अन्य वाहन चालकों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरणा मिली। वहीं, नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को प्रेमपूर्वक समझाइश देकर सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प
इस अवसर पर वाहन चालकों ने भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया और हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल का उपयोग न करने एवं सुरक्षित ड्राइविंग करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में नुवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड की टीम के सभी सदस्यों ने ट्रैफिक प्रहरी बन विभिन्न जागरूकता संदेशों की तख्तियां हाथ में लेकर वाहन चालकों को सांकेतिक रूप से सड़क सुरक्षा की गंभीरता से रूबरू कराया। इन संदेशों के माध्यम से यह बताया गया कि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, वहीं नियमों का पालन जीवन की रक्षा करता है।। इस दौरान यातायात एजुकेशन विंग की टीम द्वारा सभी मेंबर्स को सड़क सुरक्षा जागरूकता में दिए गए उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
समाज में सकारात्मक बदलाव का प्रयास
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नुवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड के स्टेट हेड संजेश महतो, शिवराज सिंह चौहान, सुशील शर्मा, सुल्तान अहमद खान एवं राहुल गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सभी सुरक्षित यात्रा कर सकें।


