Eternal Hinduism

“जीवन को स्वर्ग बनाने की कला” प्रवचनों की अमृत वर्षा करेंगे राष्ट्र संत ललितप्रभ एवं डॉ. मुनि शांतिप्रिय

इंदौर(विनोद गोयल)  प्रख्यात राष्ट्रसंत ललितप्रभजी एवं डॉ. मुनि शांतिप्रिय महाराज हैदराबाद से पद विहार करते हुए इंदौर पधार रहे हैं। आध्यात्मिक सत्संग समिति के तत्वावधान में यहाँ 24 से 26 जनवरी तक प्रतिदिन सुबह 9 से 11 बजे तक “जीवन को स्वर्ग बनाने की कला” जैसे आम लोगों के लिए उपयोगी विषय पर उनके दिव्य प्रवचनों का आयोजन रेसकोर्स रोड स्थित साध्वी मयणाश्रीजी बास्केटबाल एरिना परिसर पर किया जाएगा।

दिव्य प्रवचनों से लाभान्वित होगा समाज
समिति के प्रमुख दिनेश डोशी, रोहित जैन एवं मनीष चोपड़ा ने बताया कि राष्ट्र संत ललितप्रभजी पिछले कई वर्षों से दशहरा मैदान एवं शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर इंदौर के आम श्रोताओं को अपने दिव्य प्रवचनों से लाभान्वित करते आ रहे हैं। उन्होंने घर-घर काम आने वाली दर्जनों किताबें भी लिखी हैं। देशभर में उनके लाखों अनुयायी और श्रोता हैं तथा अनेक टीवी चैनल्स से लेकर सोशल मीडिया पर भी उनके प्रवचनों की अमृत वर्षा नियमितरूप से चल रही है।

परिवार को जोड़ते है प्रवचन
राष्ट्र संत ललितप्रभजी और उनके संसारी जीवन के भ्राता चंद्रप्रभजी की जोड़ी पूरे देश में लोकप्रिय बनी हुई है। अनेक घरों में तो उन्हें नियमित रूप से परिवार के सभी सदस्य बैठकर सुनते हैं। संत चंद्रप्रभजी अपरिहार्य कारणों से इस बार उनके साथ नहीं आ पा रहे हैं लेकिन ओजस्वी वक्ता डॉ. मुनि शांतिप्रिय महाराज उनके साथ रहेंगे। अब 24 से 26 जनवरी तक राष्ट्र संत ललितप्रभजी और डॉ. मुनि शांतिप्रिय महाराज इंदौर में मंगल प्रवेश कर यहाँ के सुधी श्रोताओं और अपने स्नेहीजनों से रूबरू होकर “जीवन को स्वर्ग बनाने की कला” विषय पर अपने प्रवचनों की अमृत वर्षा करेंगे। यह कार्यक्रम शहर के आम नागरिकों के लिए निशुल्क खुला रहेगा।
भक्तों में उनके प्रवचनों के प्रति अगाध उत्साह को देखते हुए हजारों श्रोताओं के आगमन की व्यवस्था की गई है, इसलिए बास्केटबाल परिसर में प्रवेश “पहले आएं पहले पाएं“ आधार पर ही संभव होगा।

Shares:
Leave a Reply