इदौर(विनोद गोयल) सामाजिक संस्था सेवा सुरभि और जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर पालिक निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण की सहभागिता में गुरुवार से प्रारंभ हुए “झंडा ऊँचा रहे हमारा अभियान” के तहत शुक्रवार को सैकड़ों एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स ने पार्क रोड स्थित एसजीएसआईटीएस कॉलेज परिसर से रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट तक मार्चपास्ट का आयोजन कर पूरे मार्ग और रीगल चौराहे को देशभक्ति के माहौल से सराबोर बनाए रखा। अन्य स्कूली छात्रों ने भी आज इंडिया गेट पहुंचकर देश के अनाम शहीदों को पुष्पांजलि समर्पित की। शनिवार को सुबह 8.30 बजे गाँधी हॉल से इंडिया गेट तक मोहम्मद शफी के नेतृत्व में अल्पसंख्यक समुदाय के हजारों स्कूली बच्चों की रैली निकाली जाएगी।
संस्था सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, संजय पटेल, मोहन अग्रवाल, निकेतन सेठी एवं मनीष ठक्कर ने बताया कि सुबह इंजीनियरिंग कॉलेज के एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स ने राजेंद्र जैन एवं विकास जैन के निर्देशन में लेन्टर्न चौराहे से मार्चपास्ट करते हुए जबरदस्त जोश के साथ देशभक्ति के गीत गाते हुए अपने शौर्य का प्रदर्शन किया। यशवंत निवास रोड से हाई कोर्ट, एमजी रोड होते हुए ये कैडेट्स रीगल चौराहे पर स्थापित इंडिया गेट की प्रतिकृति पर पहुंचे और वहां सभी कैडेट्स ने जैन इंजीनियर सोसाइटी के तत्वावधान में अनाम शहीदों को पुष्पांजलि समर्पित की। कैडेट्स ने “मेरा देश, मेरा मुल्क, मेरा यह वतन, शांति का, उन्नति का, प्यार का चमन, इसके वास्ते निसार है मेरा तन, मेरा मन…..” जैसे गीतों से शहीदों को श्रद्धांजलि समर्पित की। बैंड की धुन पर मार्चपास्ट करते हुए जब ये कैडेट्स रास्ते से गुजरे तो राह चलते लोग भी रूककर उन्हें सम्मान देने को आतुर दिखाई दिए। रीगल चौराहे पर भी आज से ही स्कूली बच्चों ने सुबह 8 से 10 बजे के बीच पुष्पांजलि समर्पण का सिलसिला भी शुरू कर दिया है। इंडिया गेट पर संस्था सेवा सुरभि की ओर से संस्था के सदस्यों ने कैडेट्स को स्मृति चिन्ह भेंट किए एवं स्कूली बच्चों की अगवानी की।
आज अल्पसंख्यक बच्चों की रैली, शाम को संगीत संध्या – झंडा ऊँचा रहे हमारा अभियान के तहत शनिवार को सुबह 8.30 बजे गाँधी हॉल से इंडिया गेट तक अल्पसंख्यक समुदाय के स्कूली बच्चों की रैली निकाली जाएगी। इंडिया गेट पर सुबह 10 बजे निपानिया स्थित सिका स्कूल के बच्चे भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 17 जनवरी को ही शाम 6.45 बजे से पुणे के कलाकारों द्वारा “भारत हमको जान से प्यारा है” संगीत संध्या में रंग-ए-महफ़िल एवं वनबन्धु परिषद इंदौर चैप्टर की सहभागिता में रवीन्द्र नाट्यगृह में रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। यह कार्यक्रम आमंत्रितों के लिए होगा।
एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स ने देशभक्ति गीत गाते हुए किया मार्चपास्ट, इंडिया गेट पर शहीदों को दी पुष्पांजलि
Shares:


