Politics

नितिन नवीन ने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालते ही कहा- कड़ी मेहनत और लगन से सभी पांच राज्यों के चुनाव में मिलेगी सफलता

नितिन नवीन ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाला, इसे पार्टी की विचारधारा और राष्ट्रवादी आंदोलन की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया, विकसित भारत के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया। नवीन ने आगामी तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का विश्वास जताया, कार्यकर्ताओं के संघर्ष को महत्वपूर्ण बताया। उन्होने कहा कि वह सिर्फ एक पद नहीं ले रहे हैं, बल्कि पार्टी की विचारधारा, परंपराओं और एक राष्ट्रवादी आंदोलन की ज़िम्मेदारी को अपना रहे हैं।

140 करोड़ भारतीयो के प्रयास पर जोर
भाजपा अध्यक्ष नितीन नवीन ने कहा कि “आज का पल मेरे लिए संकल्प का पल है। आज, मैं सिर्फ एक पद नहीं संभाल रहा हूं। मैं इस पार्टी की विचारधारा, परंपराओं और एक राष्ट्रवादी आंदोलन की जिम्मेदारी स्वीकार कर रहा हूं और इस मौके पर मैं अपने सभी वरिष्ठ साथियों को भी सम्मान देता हूं। आज, 140 करोड़ भारतीय एक विकसित भारत के सपने से खुद को जोड़ रहे हैं और देश को आगे ले जाने के लिए काम कर रहे हैं। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।”

पीएम से पहली मुलाकात का किस्सा सुनाया
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “मुझे याद है कि पहली बार मैंने गुजरात के आनंद में आपके साथ एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। उस समय मैं राष्ट्रीय महासचिव था, और मैंने सद्भावना मिशन कार्यक्रम के दौरान आपको हर एक व्यक्ति की बात सुनते हुए देखा। और कार्यक्रम खत्म होने के बाद, जब आपने अपने ग्रीन रूम में हमसे बात की, तो आपने इतनी भावना से समझाया कि गुजरात से इतने सारे लोग क्यों आए थे… उस दिन, मैं समझा कि एक व्यक्ति महान तब बनता है जब वह खुद को लोगों की भावनाओं से जोड़ता है।”

चुनावी मूड में नितिन नवीन
नवीन ने तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की संभावनाओं पर भी भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और लगन से सभी पांच राज्यों में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा, “अगले कुछ महीनों में तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में चुनाव होने वाले हैं, और इन राज्यों की डेमोग्राफी पर व्यापक रूप से चर्चा हो रही है। बदलती डेमोग्राफी वहां की स्थिति को बदल रही है और यह हमारे लिए एक चुनौती पेश करती है। हालांकि, हमें पूरा भरोसा है कि बीजेपी कार्यकर्ता अपने संघर्ष और कड़ी मेहनत से बीजेपी को सभी पांच राज्यों में सफलता दिलाएंगे।”

Shares:
Leave a Reply