NEWS

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान के सातवें दिवस 16 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ बनी मानव श्रृंखला, 4 हजार से अधिक लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प:

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ अभियान के सातवें दिवस 16 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ बनी मानव श्रृंखला, 4 हजार से अधिक लोगों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प:

*शासकीय रेलवे पुलिस, आरपीएफ, रेलवे अधिकारियों/कर्मचारियों, स्कूली बच्चो, कुली भाई, ऑटो रिक्शा चालक, सफाई कर्मी दीदी, वेंडर एवं यात्रियों की सहभागिता से गूंजे इंदौर इकाई के 16 रेलवे स्टेशन – “नशे से दूरी है ज़रूरी” के नारे*

इंदौर ।- मध्यप्रदेश शासन एवं मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक संचालित विशेष जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के सातवें दिवस शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) इंदौर द्वारा रेल यात्रियों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने हेतु रेल इतिहास के सबसे बड़े जनभागीदारी कार्यक्रमों में से एक का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत रेल इकाई इंदौर के 16 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।

मुख्य कार्यक्रम रेलवे स्टेशन इंदौर के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर यशपाल सिंह राजपूत, उप पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर श्रीमती ज्योति शर्मा, स्टेशन अधीक्षक रवि बटवार इसी तरह रतलाम स्टेशन पर डीआरएम रतलाम श्री अश्विनी कुमार, कमांडेंट RPF श्री अमित मिश्रा एवं उज्जैन रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर विनोद कुमार की गरिमामई उपस्थिति में रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी, जीआरपी एवं रेलवे सुरक्षा बल, सफाई कर्मी दीदी, कुली, वेंडर, ऑटो चालक, स्कूली छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में रेल यात्रियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सभी ने हाथों में हाथ मिलाकर मानव श्रृंखला बनाई तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” जैसे नारों के साथ नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

इनके अतिरिक्त नागदा, नीमच, मेघनगर, शामगढ़, ब्यावरा, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, शाजापुर, मक्सी, देवास, डॉ. अम्बेडकर नगर एवं चंद्रावतीगंज सहित कुल 16 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इन कार्यक्रमों में लगभग 4,000 से अधिक नागरिकों ने सहभागिता करते हुए मानव श्रृंखला बनाई तथा नशामुक्त जीवन की शपथ ली।

सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे, अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करेंगे तथा रेलवे परिसर एवं ट्रेनों में किसी व्यक्ति को नशा करते देखने पर उसे रोकने-समझाने का प्रयास करेंगे एवं आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस को सूचना देंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेल इंदौर यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी लड़ाई केवल पुलिस के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय सहभागिता से ही जीती जा सकती है। उन्होंने अभियान में सहयोग प्रदान करने के लिए भारतीय रेलवे, मंडल रेल प्रबंधन, रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), स्टेशन प्रबंधन तथा सभी सहयोगी संस्थाओं खासकर स्कूली बच्चे जो बहुत ज्यादा उत्साहित थे, का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सक्रिय सहयोग से यह नशा मुक्ति अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर रहा है।

Shares: