राष्ट्रीय कथक सम्मान से नित्या सोहनी ने बढ़ाया इंदौर का गौरव
इंदौर।श्री सत्य साईं विद्या विहार, इंदौर की छात्रा एवं नादयोग गुरुकुल की कथक शिष्या नित्या सोहनी ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर इंदौर का नाम रोशन किया है। उन्हें 29 मई 2026 को बेंगलुरु के बाल भवन में आयोजित हेरिटेज फाउंडेशन ऑफ आर्ट एंड कल्चर के प्रतिष्ठित ‘कलाकृति कॉन्क्लेव 2026’ में सम्मानित किया गया।
भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाओं को समर्पित कलाकृति कॉन्क्लेव 2026 के चौथे संस्करण में देशभर के प्रतिभाशाली युवा कलाकारों ने भाग लिया। इस आयोजन में वर्ष 2025–26 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया। नित्या को उनके पूरे वर्ष के उत्कृष्ट कथक प्रदर्शनों के आधार पर सब-जूनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्रदान किया गया।
यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि वार्षिक मूल्यांकन के लिए आयोजित चार क्वालीफाइंग प्रतियोगिताओं में से नित्या ने केवल दो प्रतियोगिताओं में भाग लिया था, फिर भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और प्रतिभा के बल पर उन्होंने यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त किया।
कलाकृति कॉन्क्लेव 2026 में देश के 15 शहरों से चयनित कलाकारों ने भाग लिया। देशभर से 1,500 से अधिक प्रतिभागियों में से चयनित शीर्ष 28 युवा कलाकारों को मंच पर प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था। नित्या ने भी इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रभावशाली कथक प्रस्तुति देकर दर्शकों और निर्णायकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।पुरस्कार हेरिटेज फाउंडेशन ऑफ आर्ट एंड कल्चर की अध्यक्ष सुश्री चंद्रिका बी. एवं डॉ. किंगशुक घोष द्वारा प्रदान किए गए।


