NEWS

राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. के जीवन चरित्र पर सजाई झांकी देखने पार्श्व पद्मावती धाम उमड़े श्रद्धालु 

राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. के जीवन चरित्र पर सजाई झांकी देखने पार्श्व पद्मावती धाम उमड़े श्रद्धालु

सुगंध दशमी के महापर्व पर आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा से श्रृंगारित दृश्यों ने मन मोहा, विजयवर्गीय ने भी किए दर्शन

इंदौर। धूप दशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रसंत गुरुदेव सुधासागर म.सा. के जीवन के प्रेरणादायी प्रसंगों को पार्श्व पद्मावती धाम पर भव्य एवं मनोहारी झांकी के रूप में प्रदर्शित किया गया जिनके दर्शनार्थ हजारों श्रद्धालु सुबह से देर रात तक उमड़ते रहे। धर्म, त्याग, तपस्या और संस्कारों से परिपूर्ण राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. के जीवन चरित्र को जीवंत रूप देने वाली इस झांकी का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन के बीच सामाजिक संसद अध्यक्ष आनंद गोधा, कार्यकारी अध्यक्ष नवीन गोधा, तेजकुमार सेठी, महामंत्री हर्ष जैन, प्रमुख संयोजक संजय पाटोदी एवं युवा अध्यक्ष राहुल सेठी की मौजूदगी में कचनेर वाले बाबा के जयघोष के बीच सम्पन्न हुआ। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी राष्ट्रसंत के प्रेरक व्यक्तित्व पर आधारित झांकी का अवलोकन कर बड़ी श्रद्धा के साथ धूप अर्पित कर धर्म लाभ लिया।

दिगम्बर जैन समाज के पर्युषण-दस लक्षण पर्व के दौरान सुगंध दशमी पर आयोजित इस अद्भुत झांकी के दर्शनार्थ सुबह से ही भक्तों का मेला जुटने लगा। इस शानदार झांकी में आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा के बीच गुरुदेव सुधासागर म.सा. के बाल्यकाल से लेकर अब तक के दीक्षा जीवन सहित अनेक प्रेरक प्रसंगों को जीवंत झांकी के माध्यम से दर्शाया गया है। शुभारंभ के पश्चात शहर के हजारों समाज बंधुओं ने पार्श्व पद्मावती धाम सपरिवार पहुंचकर झांकी का अवलोकन किया। राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी इस झांकी का अवलोकन करने पार्श्व पद्मावती धाम पहुंचे जहाँ तेजकुमार सेठी, संजय पाटोदी, प्रदीप टोंग्या, राहुल सेठी, अंकित सेठी, गगन बूब, भव्य टोंग्या एवं मंजीत सिंह टूटेजा ने उनकी अगवानी की। विजयवर्गीय ने राष्ट्रसंत के प्रेरक चरित्र और तप, त्याग एवं साधना को वन्दनीय बताते हुए झांकी की खुलेमन से सराहना की। इस दौरान कचनेर वाले बाबा के जयघोष के साथ ही राष्ट्रसंत सुधासागर म.सा. के जयघोष और विद्या सागर म.सा. से लेकर जिन शासन की जयघोष से समूचा पद्मावती धाम परिसर गुंजायमान बना रहा।

इसके पूर्व सुगंध दशमी के उपलक्ष्य में सुबह से ही शहर के 140 दिगम्बर जैन मंदिरों में भी दर्शन-पूजन करने पहुँचने वाले समाज बंधुओं का मेला जुटा रहा। मन्दिरों पर आकर्षक रंगोली, पुष्प एवं विद्युत सज्जा तथा अन्य चित्रकला और झांकियों का निर्माण भी आकर्षण के केन्द्र बने रहे। लगभग सभी मंदिरो में मंडल विधान सजाए गए और सुगन्धित धुप की खुशबू से सभी परिसर महकते रहे। धर्म एवं संस्कृति पर आधारित मंडल विधान की झांकियां संध्या को रंगारंग रोशनी में देखने का आनंद अलग ही महसूस किया गया। लगभग सभी दिगम्बर जैन जिनालयों पर विशेष सजावट और रोशनी के दर्शनार्थ देर रात तक समाज बंधुओं का मेला जुटा रहा।

 

 

Shares: