इंदौर। गरोठ, शामगढ़ एवं भानपुरा क्षेत्र के इंदौर में निवासरत नागरिकों का मिलन समारोह पालिया रोड स्थित गरोठ जैविक फार्म पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर गरोठ–शामगढ़–भानपुरा क्षेत्रवासी रहवासी संघ के गठन की घोषणा की गई। उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से संघ के पदाधिकारियों का चयन किया गया। संघ के संरक्षक पद पर विमल चौधरी एवं ओमप्रकाश फरक्या को मनोनीत किया गया। मदन अग्रवाल को अध्यक्ष, विमल जैन एवं डॉ. ज्ञानेश पाटीदार को उपाध्यक्ष, विमल छाजेड़ को सचिव, आल्विन सर को सह-सचिव नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संघ के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए क्षेत्र के सभी रहवासियों की टेलीफोन डायरेक्टरी प्रकाशित करने का निर्णय भी लिया गया, जिससे आपसी संपर्क एवं सहयोग को और सशक्त बनाया जा सके। मिलन समारोह में उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन को सक्रिय एवं समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।


