वनवासी बच्चों की शिक्षा के लिए आज से वनबंधु परिषद महिला समिति द्वारा तीन संतों के सानिध्य में लक्ष्मी-नारायण विवाह
बायपास स्थित गार्डन पर दो दिवसीय महोत्सव में परिषद के अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे
इंदौर । वनबंधु परिषद, फ्रेंड्स ऑफ़ ट्रायबल सोसायटी (एफटीएस) महिला समिति इंदौर की मेजबानी में दो दिवसीय लक्ष्मीनारायण विवाह का शुभारंभ शनिवार 6 जून को बायपास स्थित भंडारी रिसोर्ट पर जगदगुरु रामानुजाचार्य अवन्तिका पीठ युवराज स्वामी डॉ. माधव प्रपन्नाचार्य के सानिध्य एवं वनबंधु परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश माहेश्वरी के विशेष आतिथ्य और वनबंधु परिषद महिला इकाई की अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी एवं मार्गदर्शन में होगा। विवाह में कन्यादान में प्राप्त राशि से वनवासी बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।
परिषद की अध्यक्ष सीमा रणधर एवं सचिव मीना गर्ग ने बताया कि अवन्तिका रामानुजाचार्य युवराज स्वामी माधव प्रपन्नाचार्य महाराज के सानिध्य में शनिवार को सुबह 8.30 बजे कलश यात्रा एवं 9.30 बजे गणेश पूजन के बाद 11.30 बजे से तेल, पीठी और हल्दी की रस्म तथा शाम 4 बजे बत्तीसी, वीरा बधाई एवं मायरे की रस्म सम्पन्न होगी। शाम 7 बजे वनवासी बच्चो द्वारा सनातन धर्म संबंधित नृत्य नाटिका की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। ये सभी बच्चे एफटीएस महिला समिति द्वारा संचालित वनवासी अंचलों के स्कूलों से आएंगे। राष्ट्रीय महिला समिति की अध्यक्ष विनिता जाजू, संरक्षक गीता मूंदड़ा, वनबंधु परिषद की वेस्ट ज़ोन की चेयर पर्सन माधवी झंवर तथा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश माहेश्वरी के आतिथ्य में पहले दिन के सभी आयोजन सम्पन्न होंगे। उत्सव समिति की संयोजक विद्या मुछाल, उर्मिला सारडा, समता मूंदड़ा, ज्योति गर्ग, मुदिता झंवर, सुनिता जैन एवं शोभना जैन के अनुसार विवाह का मुख्य उत्सव रविवार 7 जून को सुबह 9 बजे ठाकुरजी की बारात एवं 11 बजे दिव्य विवाह उत्सव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी व्यवस्थाएं उसी तर्ज पर की जा रही हैं, जैसे परिवार में नवयुगल का विवाह होता है।
शहर में पहली बार वनबंधु परिषद की मेजबानी में अपने किस्म के इस महोत्सव में “गाँव पढ़ेगा तो देश बढेगा” थीम पर वनवासी अंचलों में चल रहे परिषद के करीब 1500 विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों की शिक्षा के सहायतार्थ धनराशि एकत्र करने के लिए विवाह स्थल पर दान पात्र रखने की व्यवस्था भी की गई है। उज्जैन से आने वाले रामानुजाचार्य डॉ. माधव प्रपन्नाचार्य स्वामी जी अपने साथ लक्ष्मी और नारायण के विग्रह लेकर आएंगे और उनका विवाह पूरे रस्मों रिवाज एवं शास्त्रोक्त विधि से सम्पन्न किया जाएगा
।


