सॉलिटेयर क्लब द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर*
*इंदौर ।* कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर सॉलिटेयर क्लब परिवार ने उज्ज्वल भविष्य सेवा आश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में आश्रम के बच्चों सहित कुल 75 लोगों का परीक्षण किया गया। पाँच मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई, जिनके आगे के इलाज और ऑपरेशन की पूरी व्यवस्था क्लब द्वारा की जाएगी। बच्चों के लिए चश्मे बनवाने का कार्य भी क्लब ने अपने जिम्मे लिया, वहीं जिन बच्चों को दवाइयों और ड्रॉप्स की आवश्यकता थी, उन्हें तुरंत उपलब्ध कराया गया।
सॉलिटेयर क्लब के अध्यक्ष सनी वाधवानी ने कहा – “कारगिल विजय दिवस हमें त्याग और सेवा की सच्ची प्रेरणा देता है। आज उज्ज्वल भविष्य सेवा आश्रम में आयोजित स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर के माध्यम से हमने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास किया है। बच्चों की आँखों में आई चमक और मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। सेवा ही सच्चा सुकून है और यही हमारे वीर सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि है।”
इस कैंप की मार्गदर्शक डॉ. उमा झँवर रहीं, जिन्होंने मेडिकल टीमों के साथ समन्वय किया। नेत्र परीक्षण का कार्य रोहित आई केयर की टीम ने किया, जबकि स्वास्थ्य परीक्षण की जिम्मेदारी नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन ने निभाई। क्लब ने सभी आदरणीय डॉक्टर्स और मेडिकल टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस सेवा कार्य में क्लब के स्वयंसेवकों—कनक वाधवानी, रितेश चांगल, हरप्रीत कुकरेजा, अंशुल मंगल और चेतन चौधरी—ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। बच्चों की आँखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान ही इस सेवा का सबसे बड़ा आशीर्वाद है।
कारगिल विजय दिवस पर सॉलिटेयर क्लब ने अपने वीर सैनिकों को शत-शत नमन करते हुए यह संकल्प लिया कि उनके त्याग और सेवा भावना से प्रेरणा लेकर समाज की निस्वार्थ सेवा का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। सेवा ही सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है।


